☰
×

ठाणे कमिश्नर का वॉट्सऐप अकाउंट हैक, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

 

ठाणे, 17 नवंबर (आईएएनएस)। ठाणे शहर के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के वॉट्सऐप अकाउंट के हैक होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी प्रेसनोट में बताया गया है कि उनके वॉट्सऐप स्टेटस पर कुछ आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। इस घटना के बाद ठाणे पुलिस ने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।

पुलिस के अनुसार, अज्ञात साइबर अपराधियों ने पुलिस आयुक्त के वाट्सअप अकाउंट को हैक कर लिया और उनके स्टेटस पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड कर दिए। यह मामला सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू कर दी है और अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

जनसंपर्क अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्टेटस पर दिख रहे किसी भी वीडियो पर विश्वास न करें। पुलिस ने साफ कहा है कि ये वीडियो पुलिस आयुक्त द्वारा नहीं डाले गए हैं, बल्कि हैकर्स की हरकत का नतीजा हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की जरूरत है।

ठाणे पुलिस ने नागरिकों के लिए चार महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। पहला, वॉट्सऐप स्टेटस पर दिख रहे किसी भी वीडियो पर विश्वास न रखें। दूसरा, ऐसे वीडियो का प्रसारण, डाउनलोड या फॉरवर्ड न करें। तीसरा, उक्त खाते से आने वाले किसी भी प्रकार के संदेश या लिंक पर प्रतिक्रिया न दें और किसी लिंक पर क्लिक न करें। चौथा, इस घटना को लेकर कोई भी अफवाह न फैलाएं।

पुलिस ने कहा है कि इस घटना को लेकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साइबर सेल इस बात की जांच कर रही है कि अकाउंट कैसे हैक हुआ, हैकर्स कहां से ऑपरेट कर रहे थे और उनका मकसद क्या था।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में अक्सर हैकर्स का मकसद वरिष्ठ अधिकारियों की छवि को नुकसान पहुंचाना और आम लोगों को ठगना होता है। हैक किए गए अकाउंट से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से लोगों का फोन भी हैक हो सकता है या उनके बैंक खाते से पैसे गायब हो सकते हैं। इसलिए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी