×

‘तेरे जैसी 300-300 में बिकती हैं…’, पति ने कही ऐसी बात, पत्नी पहुंची थाने, खोल दिया सारा गंदा राज

 

पति-पत्नी के बीच तकरार और बहस होना आम बात मानी जाती है, लेकिन जब यह तकरार हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार का रूप ले ले, तो हालात बेहद गंभीर हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के हाथरस से सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

यहाँ की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति न सिर्फ उसे अपमानित करता है, बल्कि उसके कई अन्य महिलाओं से अवैध संबंध भी हैं। पति अक्सर कहता है, “तेरे जैसी तो 300-300 रुपये में बिकती हैं, मैं तुझे नहीं रखूंगा।” यह बात महिला के आत्मसम्मान को बार-बार कुचलती रही, लेकिन वह तब तक सहन करती रही जब तक स्थिति असहनीय नहीं हो गई।

शादी में 12 लाख का खर्च, फिर भी नहीं खुश हुआ ससुराल

मिली जानकारी के अनुसार, विवाहिता का मायका हाथरस जिले के कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में है। उसकी शादी करीब एक साल पहले मथुरा जिले के थाना फरह क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। लड़की के पिता ने शादी में लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे। उन्होंने दान-दहेज में किसी भी तरह की कमी नहीं रखी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए।

पति का अमानवीय व्यवहार

महिला ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का असली चेहरा सामने आने लगा। उसने विवाहिता के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे कई बार भूखा रखा गया, मारपीट की गई, और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया गया। महिला का आरोप है कि पति ने कभी भी उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया, बल्कि बार-बार तिरस्कार करते हुए उसे अपमानित करता रहा।

ससुराल वालों का भी नहीं मिला साथ

पीड़िता ने बताया कि उसने रिश्ते को बचाने की हर संभव कोशिश की। शुरुआत में उसने कई बातें नजरअंदाज भी कीं, यह सोचकर कि शायद उसका पति सुधर जाएगा। लेकिन पति के साथ-साथ ससुराल के अन्य लोग भी उसके खिलाफ हो गए। जब भी वह मदद मांगती, उसे दहेज की बातें सुनने को मिलतीं। ससुराल वालों की तरफ से कहा गया कि उन्हें और दहेज चाहिए। पीड़िता ने जब यह कहा कि उसके पिता अब और कुछ नहीं दे सकते, तो उसकी बात को अनसुना कर दिया गया।

घर से निकाला गया, गर्दन पकड़ कर पीटा गया

महिला का आरोप है कि उसे कई बार गर्दन पकड़कर डंडों से पीटा गया। अंततः उसे घर से निकाल दिया गया। अब उसने हाथरस के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, अवैध संबंध, और मानसिक उत्पीड़न जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।