☰
×

तेलंगाना कांग्रेस में बढ़ी खींचतान, विधायक ने सीएम रेवंत रेड्डी को दी चेतावनी, वीडियो में बोले- मनमानी की तो शुरू होगी जंग, विकास फंड के बंटवारे पर उठाए सवाल

 

तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। मंत्री, सांसद और विधायक सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे की आलोचना कर रहे हैं। ताजा मामला मुनुगोडे से कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी का है। उन्होंने बुधवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व और विकास कार्यों के लिए मिलने वाले फंड के बंटवारे पर सवाल उठाए। राजगोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने सत्ता में होने के कारण मनमानी करने की कोशिश की तो जंग शुरू हो जाएगी। विधायक की नाराजगी मुख्य रूप से विधानसभा क्षेत्रों में विकास के लिए फंड आवंटित करने के तरीके को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछक्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि पिछड़े इलाकों को उनके हिस्से का पैसा नहीं मिल रहा है।

कोडंगल और मधिरा को प्राथमिकता देने का लगाया आरोप

राजगोपाल रेड्डी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के विधानसभा क्षेत्र कोडंगल और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के क्षेत्र मधिरा को विकास के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी के विधानसभा क्षेत्र हुजूरनगर का भी जिक्र किया।उन्होंने कहा, "मुझे कोडंगल में 10 हजार करोड़ या 20 हजार करोड़ रुपये देने पर भी कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मुनुगोडे जैसे पिछड़े क्षेत्रों को भी उनका उचित हिस्सा मिलना चाहिए।" उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तेलंगाना का विकास केवल कुछ विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित रहना चाहिए।

सड़क, सिंचाई और अस्पताल के काम अटके होने का दावा

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/-plCklm6lxw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/-plCklm6lxw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

विधायक ने आरोप लगाया कि फंड की कमी के कारण मुनुगोडे में कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाएं और चौतुप्पल में प्रस्तावित 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण शामिल है।उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में फ्लोराइड की समस्या भी गंभीर है। उनकी प्राथमिकता करीब 3 लाख एकड़ क्षेत्र तक सिंचाई का पानी पहुंचाने और फ्लोराइड प्रभावित इलाकों की समस्याओं का समाधान कराने की है। उन्होंने सरकार से इन कामों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की।

बोले- पद नहीं, क्षेत्र का विकास चाहिए

राजगोपाल रेड्डी ने उन चर्चाओं को भी खारिज किया कि उनकी नाराजगी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के कारण है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पद की इच्छा नहीं है। वे अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आवाज उठा रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुनुगोडे के विकास के लिए फंड रोकने की कोशिश की गई तो मामला एक और 'कुरुक्षेत्र' में बदल सकता है। उनके इस बयान के बाद तेलंगाना कांग्रेस में आंतरिक मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गए हैं।फिलहाल मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की ओर से इन ताजा आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। राजगोपाल रेड्डी की मांग का केंद्र विधानसभा क्षेत्रों के बीच विकास फंड का उचित बंटवारा है।