☰
×

टेनेरिफे फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल की मौत की जांच में जुटी स्पेनिश पुलिस

 

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेनिश पुलिस ने सीडी टेनेरिफ के फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल की मौत के मामले में 'अनजाने में हुई हत्या' की संभावना को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। स्पेन के सेकंड डिवीजन के एक मैच के दौरान, विरोधी टीम के गोलकीपर से मैदान पर हुई टक्कर में जीसस डी मिगुएल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

सोमवार को 'एस्तादियो हेलियोडोरो रोड्रिग्ज लोपेज' में खेले गए मैच के अंतिम क्षणों में, 30 वर्षीय स्ट्राइकर की टक्कर एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनों से हो गई, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने से पहले, मेडिकल टीम ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया।

'ईएसपीएन' के अनुसार, स्पेन की नेशनल पुलिस ने मंगलवार को पुष्टि की है कि इस घटना से जुड़े हालात की जांच शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया में सरकारी वकीलों के भी शामिल होने की उम्मीद है।

टक्कर के बाद, डी मिगुएल को 'यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ऑफ नुएस्ट्रा सेनोरा डी कैंडेलारिया' के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि मैदान पर ही उन्हें कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ा था, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें फिर से होश में ला दिया था। शुरुआत में उनकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बताई गई थी, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति बिगड़ने लगी। स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे उनका निधन हो गया।

इस घटना के बाद मैच को रोक दिया गया, और रेफरी ने एंडोरा के गोलकीपर ओवोनों को सीधा 'रेड कार्ड' दिखाया। बार्सिलोना के पूर्व डिफेंडर जेरार्ड पिके के स्वामित्व वाले क्लब 'एंडोरा' ने टेनेरिफ के फॉरवर्ड की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

यूईएफए के अध्यक्ष अलेक्जेंडर सेफेरिन ने भी खिलाड़ी की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि यूईएफए उनके परिवार, साथियों और टेनेरिफ से जुड़े सभी लोगों के साथ खड़ा है।

डी मिगुएल ने स्पेन के निचले डिवीजनों में कई क्लबों के लिए खेला था। पिछले सीजन में, उन्होंने टेनेरिफ को सेगुंडा डिवीजन में प्रमोट होने में मदद की थी।

सेफेरिन ने कहा, "जीसस डी मिगुएल अलामेडा की मौत से हम बेहद दुखी हैं। हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं, बस सन्नाटा है। इस सन्नाटे के बीच, हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, उनके साथियों, सीडी टेनेरिफ के सभी लोगों और इस दुखद नुकसान पर शोक मनाने वाले हर व्यक्ति के साथ हैं।" यूईएफए ने घोषणा की है कि इस हफ्ते होने वाले सभी मैचों में जीसस डी मिगुएल की याद में एक पल का मौन रखा जाएगा।

--आईएएनएस

आरएसजी