टेंडर घोटाला: बिहार सरकार ने रिशु श्री कनेक्शन में दो आईएएस अधिकारियों को किया सस्पेंड
पटना, 30 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने चर्चित टेंडर घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने इस मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर घोटाले के मास्टरमाइंड रिशु श्री से लाभ लेने का आरोप है।
सरकार की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक विभाग में हड़कंप मच गया है। जिन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है, उनमें 2017 बैच के आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर और 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा शामिल हैं।
दरअसल, योगेश कुमार सागर वर्तमान में समाज कल्याण विभाग के एक निदेशालय में निदेशक पद पर तैनात थे, जबकि अभिलाषा शर्मा ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित जीविका परियोजना की मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी सीईओ के पद पर तैनात हैं।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी योगेश कुमार सागर पर आरोप है कि वह टेंडर घोटाले के आरोपी रिशु श्री के खर्चे पर अपने परिवार को लेकर यूरोप घूमने गए थे। जांच में खुलासा हुआ है कि यूरोप यात्रा के दौरान योगेश कुमार के साथ उनके आठ परिजन भी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कई यूरोपियों देशों का भ्रमण किया था, जिसका पूरा खर्च यानी यात्रा का किराया और होटल समेत दूसरे खर्चों को रिशु श्री ने ही वहन किया था। जांच में सामने आया है कि उनकी इस पूरी यात्रा का खर्च लगभग 21.92 लाख रुपए आया था।
वहीं, आईएएस अभिलाषा शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने रिशु श्री के खर्चे से अपने आवास की छत पर लगभग 9 लाख रुपए की लागत से बागवानी और सौंदर्यीकरण कार्य कराया था। इसके अलावा भी अभिलाषा शर्मा पर रिशु श्री से महंगे तोहफे स्वीकार करने का आरोप है।
--आईएएनएस
एमएस/