×

तेलंगाना: फीस प्रतिपूर्ति मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर भाजपा सांसद रेखा शर्मा का निशाना, राहुल गांधी को दी चुनौती​‌

 

हैदराबाद, 24 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना में लंबित फीस प्रतिपूर्ति (फीस रिम्बर्समेंट) राशि को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा द्वारा लगभग 15,000 करोड़ रुपए की लंबित फीस प्रतिपूर्ति राशि जारी करने की मांग को लेकर हैदराबाद स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय में 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की गई है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर शिक्षा क्षेत्र की अनदेखी करने और लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डालने का आरोप लगाया।

भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

रेखा शर्मा ने कहा, ''तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष दो दिन के अनशन पर बैठे हैं। यह इसलिए करना पड़ा क्योंकि यहां की मौजूदा और पिछली सरकार शायद मूक हो गई है। सरकार न सुनती है और न बोलती है। जब छात्रों की बात आती है तो सरकार पूरी तरह चुप हो जाती है।”

उन्होंने दावा किया कि नवंबर में तेलंगाना के करीब 10 लाख छात्रों ने प्रदर्शन कर फीस प्रतिपूर्ति की मांग उठाई थी। उस समय लगभग 6,000 करोड़ रुपए की राशि लंबित थी, जिसमें एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्र शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब यह बकाया बढ़कर 12,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है, जो अब तक शैक्षणिक संस्थानों को नहीं मिला है।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि बड़े निजी कॉलेजों और सरकार के बीच मिलीभगत के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जबकि छोटे कॉलेज सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जहां बड़े निजी कॉलेज हैं, वहां एक गिरोह सरकार के साथ मिलकर पैसा कमा रहा है। लेकिन छोटे कॉलेज, चाहे वे निजी हों या सरकारी, सरकार की नीतियों से प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों को न तो फीस प्रतिपूर्ति मिल रही है और न ही उन्हें सुचारू रूप से शिक्षा मिल पा रही है। कई छात्रों को मजबूरी में कॉलेज छोड़ना पड़ रहा है क्योंकि उनके परिवार फीस देने में सक्षम नहीं हैं और कॉलेजों को भी रिम्बर्समेंट नहीं मिल रहा है।”

रेखा शर्मा ने दावा किया कि राज्य में कई इंजीनियरिंग कॉलेज बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं, और बेरोजगारी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस केवल बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन तेलंगाना के छात्रों की आवाज सुनाई नहीं देती। मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि वे तेलंगाना आएं, छात्रों के बीच जाएं और उनकी समस्याएं सुनें। उन्हें तभी पता चलेगा कि यहां के छात्र किन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

भाजपा सांसद ने दावा किया कि छात्रों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और इसका असर आने वाले चुनावों में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों और भविष्य के विधानसभा चुनावों में छात्र सरकार को जवाब देंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी