तेलंगाना कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमला, कहा- ई20 पेट्रोल वापस लो, ईंधन की कीमतें तुरंत कम करो
हैदराबाद, 18 अगस्त (आईएएनएस)। ईंधन की कीमतों और ई20 इथेनॉल पेट्रोल को लेकर तेलंगाना कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने पेट्रोल की कीमतों में तुरंत कटौती और ई20 को वापस लेने की मांग की है।
तेलंगाना कांग्रेस नेता जहीर ललानी ने कहा कि ई-20 से ई-10 पर वापस आना ही सरकार की नाकामी साबित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को गुमराह किया गया।
ललानी ने कहा, "ई-20 से ई-10 पर आना ही सरकार की बहुत बड़ी विफलता का संकेत है। वे इसे खुलकर स्वीकार नहीं कर रहे हैं लेकिन नितिन गडकरी के निजी फायदे के लिए उन्होंने जनता को गुमराह किया कि ई-20 लोगों को 15–20 रुपये प्रति लीटर मिलेगा और जनता को फायदा होगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।"
उन्होंने कहा, "जब कच्चे तेल की कीमत 115 रुपये थी, तब उन्होंने ई-20 पेट्रोल की कीमत बढ़ा दी। हमारे तेलंगाना राज्य में यह 115 रुपये है जबकि कुछ राज्यों में यह 103 रुपये, 104 रुपये या 105 रुपये है।"
केंद्र पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए ललानी ने कहा, "आपने जो झूठे वादे किए उसके लिए माफी मांगनी चाहिए। अगर आपको फेंकना भी है तो नियंत्रण में फेंके। इतना भी झूठ मत बोलो, जनता पागल नहीं है कि आपकी हर बात मान लेगी। जनता के जेब से पैसे जाते हैं। पेट्रोल की कीमतों में कटौती करें। कच्चे तेल की कीमतें कम हो गई हैं तो पेट्रोल की कीमतें भी करिए।"
पूर्व कांग्रेस सांसद मधु याक्षी गौड़ ने ई20 पेट्रोल को नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बताया। गौड़ ने कहा, "भारत के नागरिकों से ई20 इथेनॉल पेट्रोल का इस्तेमाल करने के लिए कहना बिना सोचे-समझे किया गया काम है और यह चिंता का गंभीर विषय है। आरोप है कि सरकार और परिवहन मंत्री गडकरी के परिवार के सदस्य ई20 पेट्रोल के लिए इथेनॉल के उत्पादन में शामिल हैं। वे लाखों-करोड़ों भारतीय नागरिकों को परेशान कर रहे हैं।"
इथेनॉल उत्पादन के लिए पानी की जरूरत को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा, "इथेनॉल-आधारित पेट्रोल के लिए बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत होती है। ये किसानों और पानी की आपूर्ति को प्रभावित करेगी। गडकरी अपने और अपने परिवार के फायदे के लिए देश के लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम