×

सीएम रेवंत रेड्डी के क्रिसमस वाले बयान पर राज पुरोहित का निशाना, बोले- 'सोनिया गांधी ने कोई कुर्बानी नहीं दी'

 

मुंबई, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कथित तौर पर 'क्रिसमस' मनाने का श्रेय सोनिया गांधी को दिए जाने पर दिए बयान को लेकर भाजपा हमलावर है। इस बीच भाजपा नेता राज पुरोहित ने रविवार को रेड्डी के बयान पर निशाना साधते हुए उन्हें संयम से बोलने की सलाह दी।

भाजपा नेता राज पुरोहित ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सच कहूं तो उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। क्या सोनिया गांधी ने इसके लिए कोई कुर्बानी दी? क्या भारत में शादी करना कोई कुर्बानी है? क्या देश को बेटा देना कोई कुर्बानी है? इसे कुर्बानी नहीं कहा जा सकता, इसलिए मुख्यमंत्री को संयम और जिम्मेदारी से बोलना चाहिए।"

दरअसल, सीएम रेड्डी ने शनिवार को एक सभा के दौरान तेलंगाना में क्रिसमस मनाने का श्रेय सोनिया गांधी को दिया था। उन्होंने दिसंबर को कांग्रेस पार्टी और तेलंगाना राज्य के लिए चमत्कारों का महीना बताया और कहा कि 9 दिसंबर को सोनिया गांधी का जन्मदिन पड़ता है। उनके इस बयान पर भाजपा हमलावर है।

बीएमसी (बृहन्मुंबई नगर निगम) चुनाव नतीजों पर भाजपा नेता राज पुरोहित ने कहा, "नतीजे एकतरफा हैं। असल में, अगर इन सभी टोटल को मिला भी दिया जाए तो भी वे भाजपा के नंबरों के आसपास भी नहीं पहुंचते हैं। महाराष्ट्र में भाजपा की लहर है और लोगों ने लंबे समय के लिए भाजपा को अपना लिया है।"

तृणमूल कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन के बयान पर राज पुरोहित ने कहा, "एक करोड़ रुपए में मंदिर कैसे बन सकता है? एक करोड़ रुपए तो मूर्ति लगाने के लिए भी काफी नहीं हैं। अयोध्या में राम मंदिर करीब 15-17 करोड़ रुपए की लागत से बना और शानदार तरीके से पूरा हुआ। श्रीकृष्ण के लिए एक करोड़ रुपए काफी नहीं हैं। जब श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनेगा तो उसमें करीब 20,000 करोड़ रुपए लगेंगे।"

उन्होंने कहा, "यह भारत है। यह कृष्ण का भारत है, यह राम का भारत है। जो लोग बाबरी मस्जिद का सपना देखते हैं, वे इसे भूल जाएं। जैसे अंग्रेज जाते समय अपने वारिस छोड़ गए थे, वैसे ही बाबर भी अपने वंशज छोड़ गया।"

बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले प्रदेश में मंदिर-मस्जिद विवाद गहराया हुआ है। इस बीच टीएमसी विधायक जाकिर हुसैन ने प्रदेश में श्रीकृष्ण मंदिर और मोहम्मदी मस्जिद बनाने का ऐलान किया।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी