☰
×

तेलंगाना: भाजपा नेताओं ने साधा राहुल गांधी पर निशाना, विदेश में भारतीय लोकतंत्र पर टिप्पणी की आलोचना

 

हैदराबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के नेताओं ने विदेश में भारतीय लोकतंत्र पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना की। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मारे गए आतंकवादी लतीफ भट से भी अधिक खतरनाक बताया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता बूरा नरसैया गौड़ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "राहुल गांधी ने विदेश में बोलते हुए बार-बार 'भारतीय लोकतंत्र को नीचा दिखाया है।" उन्होंने राहुल गांधी पर ऐसा करके संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ने का आरोप लगाया।

बूरा नरसैया गौड़ ने राहुल गांधी की तुलना पौराणिक पात्र शिशुपाल से करते हुए कहा कि उन्होंने 'सारी हदें पार कर दी हैं।' भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारत सरकार से राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने मांग की कि लोकतंत्र की बारीकियों की परवाह किए बिना, उन पर वही नियम लागू किए जाएं जो दूसरों पर लागू होते हैं।

वहीं, तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने 50 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने का श्रेय मोदी सरकार को दिया। उन्होंने इसके लिए आर्थिक विकास, भ्रष्टाचार में कमी और भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में हो रही प्रगति का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, "जब से मोदी जी सत्ता में आए हैं, देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। 50 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है और यह मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज देश की अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।"

राव ने कहा कि यूपीए सरकार के समय देश कर्ज में डूबा था और अर्थव्यवस्था खराब थी। उन्होंने कहा, "वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद, भारत में हमारे संसाधन, हमारी आय और हमारा राजस्व, सब कुछ बढ़ रहा है। इसलिए, मुझे लगता है कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाना है।"

रामचंद्र राव ने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि भारत तरक्की कर रहा है और 'विकसित भारत' की ओर बढ़ रहा है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम ने भी माना है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश है। भारत में हम सबसे तेज आर्थिक विकास देख रहे हैं। फिलहाल हम चौथे स्थान पर हैं, और मुझे लगता है कि जल्द ही हम दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

--आईएएनएस

डीसीएच/