तेलंगाना में दर्दनाक हादसा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे इलेक्ट्रिक बस ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर, 5 महिलाओं समेत 6 की मौत
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से एक ट्रक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में 12 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब सवा 5 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल क्षेत्र में हुआ। इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। बस में हादसे के समय 43 यात्री सवार थे।
ट्रक में लदे लोहे के पिलर बस में घुसे
पुलिस ने बताया कि जिस ट्रक से बस की टक्कर हुई, उसमें लोहे के भारी पिलर लदे हुए थे। बस के पीछे से टकराने के बाद ट्रक में पिलर को बांधकर रखने वाली चेन टूट गई। इसके बाद ये भारी पिलर बस की दाईं ओर घुस गए।पुलिस के अनुसार, बस के आगे बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा। लोहे के पिलर सीधे बस के अगले हिस्से में घुसने की वजह से वहां बैठे यात्रियों की मौत हुई।
तेज रफ्तार की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि बस की टक्कर से पहले ट्रक के सड़क के डिवाइडर से टकराने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
प्रशासन ने शुरू की जांच
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिवारों को सूचना दी जा रही है। अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं। तेलंगाना में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।