'अब बचकाना नहीं, परिपक्व राजनीति करें', तेजस्वी यादव को जन्मदिन पर जेडीयू की नसीहत
पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में नेताओं के बयानों को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नसीहत भी दी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के विवादित बयान पर भी श्याम रजक ने निशाना साधा।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 37वें जन्मदिन पर श्याम रजक ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे अब 37 वर्ष के हो गए हैं और उन्हें अपनी सोच एवं व्यवहार में भी परिपक्वता लानी चाहिए। उन्होंने कहा, "युवा होने के नाते उनकी सोच भी युवाओं जैसी होनी चाहिए। उन्हें बचकाना व्यवहार नहीं करना चाहिए। मेरी शुभकामना है कि वे सकारात्मक सोच के साथ विपक्ष की भूमिका निभाएं।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम रजक ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि खड़गे इस तरह के कई बयान देते रहे हैं, जिससे ऐसा लगता है कि उन्हें कहीं न कहीं कुर्सी पाने की बेचैनी है या वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मानसिक स्थिति के बारे में डॉक्टर ही बता सकते हैं, लेकिन उनका व्यवहार कई सवाल खड़े करता है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय के संविधान की रक्षा के लिए गोली चलाने संबंधी बयान पर श्याम रजक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने के नाम पर गोली चलाने की बात करना बेहद बेतुका है। उन्होंने कहा कि सनातन नाम रखने के बावजूद उनके विचार और काम सनातन परंपरा के अनुरूप नहीं हैं। किसी भी धर्म में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। जो व्यक्ति हिंसा की बात करता है, उसके विचार धार्मिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हो सकते।
वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी सनातन पांडेय के बयान पर समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान सपा के कथित हिंसक इतिहास और तुष्टीकरण की राजनीति को उजागर करता है।
सरावगी ने 1990 में अयोध्या में राम भक्तों और कारसेवकों पर हुई फायरिंग का जिक्र करते हुए कहा कि निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाना अमानवीय कृत्य था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब संविधान बचाने के नाम पर ऐसे कृत्यों को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम