तेजस्वी यादव का सरकार पर निशाना, बोले- बिहार को पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगे
पटना, 20 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है और पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार को किसी भी कीमत पर ‘पुलिस स्टेट’ नहीं बनने देगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
तेजस्वी यादव मधुबनी जेल में 10 अगस्त को कथित तौर पर फंदे से लटके मिले 19 वर्षीय रोशन यादव के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। जेल प्रशासन के अनुसार, रोशन ने जेल के भीतर आत्महत्या की थी। हालांकि, तेजस्वी यादव ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रोशन की हत्या की गई हो सकती है। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि रोशन यादव को 27 मई को शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जेल भेजा गया था। बाद में उसकी रिहाई हुई, लेकिन उसे फिर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक को बेरहमी से पीटा गया और कई दिनों तक पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसे बिजली के झटके दिए गए। राजद नेता ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने का उद्देश्य पूरे मामले की जानकारी लेना और प्रशासन से जवाब मांगना है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हरसंभव कदम उठाएगी।
तेजस्वी यादव ने कहा, “बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है। पुलिस ने जिस तरह से एक 19 साल के लड़के के साथ अमानवीय व्यवहार किया, वह गंभीर चिंता का विषय है। हम बिहार को पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगे।” उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री और सरकार पर भी निशाना साधा।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार के अलग-अलग जिलों में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। तेजस्वी यादव इससे पहले हाजीपुर पहुंचे जहां विगत दिनों पूर्व स्व. रामनरेश राय की हत्या अपराधियों द्वारा गोली मारकर कर दिया गया था। आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पीड़ित परिवार से आवास पर जाकर मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि कई घटनाओं में अब तक दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए और पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद यदि आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक नहीं होती है तो इससे पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि भय के माहौल में रह रहे पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद लगातार जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अपराध, पुलिसिया कार्रवाई और पीड़ितों के साथ कथित अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को सुरक्षित माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से सरकार भाग नहीं सकती।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी