नवरात्रि पर भक्ति में डूबे टीवी सितारे, दीपिका चिखलिया ने बताया मां चंद्रघंटा का महत्व
मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मंगलवार को शारदीय नवरात्रि का तीसरा दिन है। इस मौके पर इंडस्ट्री के कुछ सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए माता रानी से आशीर्वाद लिया।
अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने मां चंद्रघंटा को नमन कर उनके महत्व पर प्रकाश डाला। अभिनेत्री ने लिखा, "मां चंद्रघंटा, साहस, निडरता और सुरक्षा का प्रतीक हैं। यह नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती हैं और शांति, शक्ति और आंतरिक संतुलन का आशीर्वाद देती हैं।"
अभिनेत्री आरती सिंह ने भी इंस्टाग्राम के जरिए मां चंद्रघंटा के महत्व के बारे में बताया। वीडियो में माता रानी के अर्ध चंद्र और घंटे की दिव्य ध्वनि के बारे में बताया गया है। साथ ही, माता रानी के दिव्य अस्त्रों के बारे में भी जानकारी दी गई है।
अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वह लाल रंग की साड़ी पहने हुए हैं। अभिनेत्री ने अपने इस पोस्ट के जरिए सभी को नवरात्रि के तीसरे दिन की शुभकामनाएं दीं। रुपाली गांगुली ने लिखा, "लाल रंग साहस, सुंदरता और भक्ति का प्रतीक है। नवरात्रि के तीसरे दिन, मां चंद्रघंटा के आशीर्वाद में, जय माता दी।"
अभिनेता वत्सल सेठ ने अपने इंस्टाग्राम पर परिवार संग एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वत्सल सेठ, उनकी पत्नी और अभिनेत्री इशिता दत्ता और दोनों के बच्चे लाल रंग के कपड़े पहने हुए हैं। जारी किए गए वीडियो में अभिनेता और उनकी पत्नी अपने बेटे से कहते हैं, "वायु, आज नवरात्रि की तीसरा दिन हैं और आज के दिन लाल रंग के कपड़े पहने जाते हैं। बोलो अम्बे मात की जय।" वीडियो पोस्ट कर वत्सल सेठ ने लिखा, "नवरात्रि का तीसरा दिन : लाल दिन।"
शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की जाती है। मां चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, इसीलिए इन्हें 'चंद्रघंटा' कहा जाता है। इनका यह रूप शांति, साहस और वीरता का प्रतीक है। इनकी उपासना से भक्तों का मणिपुर चक्र जाग्रत होता है, जिससे मन को शांति, साहस, आत्मविश्वास और अलौकिक बल की प्राप्ति होती है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम