कोलकाता में किशोर को आंखों पर पट्टी बांधकर पेट्रोल छिड़का, फिर लगाई आग; सोशल मीडिया रील के लिए बनाया वीडियो
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दक्षिणी इलाके में एक किशोर के साथ बेहद गंभीर वारदात सामने आई है। आरोपियों ने पहले किशोर की आंखों पर पट्टी बांधी और उसके सिर पर हेलमेट पहनाया। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए रिकॉर्ड किया था।पुलिस के मुताबिक, यह घटना 27 अक्टूबर की है। किशोर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उसके सीने और पेट पर जलने की चोटें आई हैं। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तालाब के पास ले जाकर किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, 27 अक्टूबर को किशोर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और लेनिन नगर में एक तालाब के पास ले गए। वहां आरोपियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और सिर पर हेलमेट पहना दिया।किशोर ने जब इसका विरोध किया और हेलमेट हटाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है कि उन्होंने किशोर को पेट्रोल पिलाने की भी कोशिश की। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया था।
रील बनाने के लिए वीडियो रिकॉर्ड करने का शक
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इस पूरी वारदात को सोशल मीडिया रील के लिए रिकॉर्ड किया था। जांच एजेंसियां वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं, ताकि घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या फिर किसी विवाद के बाद आरोपियों ने अचानक इस वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के जरिए घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार ने 500 रुपये के विवाद को बताया वजह
पीड़ित किशोर के परिवार ने हमले के पीछे आर्थिक विवाद की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि किशोर ने करीब छह महीने पहले आरोपियों में से एक से 500 रुपये उधार लिए थे। हालांकि, परिवार के मुताबिक उसने यह रकम वापस लौटा दी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने उसके साथ इस तरह की घटना को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस परिवार की ओर से बताए गए आर्थिक विवाद की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हमले की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।घटना में घायल किशोर का अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।