×

'तीन गुना लगान देना पड़ेगा', 25 साल बाद फिर गूंजा कैप्टन रसेल का डायलॉग, आमिर खान की टीम ने मनाया जश्न

 

मुंबई, 12 जून (आईएएनएस)। अभिनेता आमिर खान की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'लगान' ने अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पूरी स्टारकास्ट एक बार फिर साथ नजर आई। इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए कलाकारों ने एक बेहद मजेदार वीडियो बनाया।

शुक्रवार को फिल्म के कलाकार अखिलेंद्र मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर पूरी स्टारकास्ट के साथ खास वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में फिल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के साथ-साथ लगान की पूरी क्रिकेट टीम और अन्य कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में सभी लोग खुश होकर कह रहे हैं, "लगान के 25 साल पूरे।"

हालांकि, वीडियो में मजेदार पल तब आता है, जब फिल्म में क्रूर ब्रिटिश अधिकारी कैप्टन एंड्रयू रसेल का किरदार निभाने वाले ब्रिटिश अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न की एंट्री होती है। वह वीडियो के आखिरी में कहते हैं, "तीन गुना लगान।"

उनका यह डायलॉग सुनते ही वहां मौजूद सभी कलाकार और निर्देशक हंसने लगते हैं। इसके बाद अखिलेंद्र मिश्रा कैमरे के सामने आते हुए कहते हैं, "हमारी फिल्म के 25 साल पूरे हो गए हैं और हम सभी आज यहां इकट्ठा होकर इस कामयाबी का जश्न मना रहे हैं।"

वीडियो पोस्ट करते हुए अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा ने लिखा, "फिल्म 'लगान' को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो गए हैं।"

फिल्म में आमिर खान (भुवन), ग्रेसी सिंह (गौरी), पॉल ब्लैकथॉर्न (कैप्टन रसेल) और राहेल शेली (एलिजाबेथ) समेत कई कलाकार अहम भूमिका में नजर आए थे। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया था, जिसे आज भी म्यूजिक लवर्स पसंद करते हैं।

आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित और आमिर खान द्वारा निर्मित 'लगान' एक ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म है। 1893 में ब्रिटिश काल पर आधारित यह कहानी सूखे से जूझ रहे चंपानेर गांव के किसानों की है, जिन्हें भारी लगान से मुक्ति के लिए अंग्रेजों को क्रिकेट मैच में हराना होता है। फिल्म ने रिलीज के बाद दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। यह फिल्म 74वें अकादमी पुरस्कारों में 'सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म' की श्रेणी में नामांकित हुई थी।

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम