×

तथ्यहीन विरोध प्रदर्शन से माहौल बिगाड़ने की कोशिश स्वीकार नहीं: मुख्तार अब्बास नकवी

 

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में हुए हुड़दंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम भी छात्र आंदोलन से ही निकले हुए नेता हैं। हमने भी कई मुद्दों को लेकर अपने समय में विरोध प्रदर्शन किया। सलाखों के पीछे गए, लेकिन कभी इस तरह के विरोध प्रदर्शन में संलिप्त नहीं रहे, जिसमें कोई तथ्य ही न हो।

मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आखिर यह किस तरह का विरोध प्रदर्शन है, जिसमें न ही किसी भी प्रकार का तथ्य है और न इसकी अपनी कोई सीमा। ऐसे विरोध प्रदर्शन का कोई मतलब नहीं रह जाता है। इस तरह के विरोध प्रदर्शन के जरिए पूरे माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भाजपा नेता ने एनसीईआरटी प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया और केंद्र सरकार ने आगे कदम बढ़ाते हुए इसमें सुधार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब मुझे नहीं लगता है कि इसे ज्यादा तूल देने की कोई जरूरत है।

उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को लेकर भी अपनी बात रखी। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस अब मौजूदा स्थिति में जनादेश को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं है। इसी वजह से अब यह पार्टी जनतंत्र के खिलाफ जा चुकी है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भाजपा नेता ने कहा कि अब अगर जनादेश के प्रति किसी पार्टी की नाराजगी बढ़ जाती, तो वो राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय से जुड़े मुद्दों का सहारा लेकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश करने लग जाती है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गलत बात है कि मौजूदा समय में यह पार्टी हर मुद्दे को लेकर आम लोगों के बीच में भ्रम और भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है, जो कि पूरी तरह से गलत है।

--आईएएनएस

वीसी