टैमी मेरी प्यारी दोस्तों में से एक, जिंदगी के अगले दौर के लिए उसे शुभकामना देती हूं: हरमनप्रीत कौर
लंदन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में शुक्रवार से टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। लॉर्ड्स में पहली बार महिला क्रिकेटरों का टेस्ट आयोजित हो रहा है, इसलिए यह ऐतिहासिक है। इंग्लैंड की दिग्गज टैमी ब्यूमोंट का ये आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच है। इस मैच के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैमी ब्यूमोंट को अपना अच्छा दोस्त बताया और उन्हें उनकी जिंदगी के अगले दौर के लिए शुभकामना दी।
हरमनप्रीत कौर ने कहा, "टैमी मेरी प्यारी दोस्तों में से एक है, और मैंने उसके साथ बहुत क्रिकेट खेला है। वह बहुत अच्छी इंसान है और एक बहुत अच्छी, प्रतियोगी क्रिकेटर है। मैं उसे ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। उम्मीद है कि उसकी बाद की जिंदगी में भी वही उत्साह रहे, जो क्रिकेट के मैदान पर उसे मिला।"
35 साल की टैमी ब्यूमोंट इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज रही हैं। वह इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुकी हैं।
2009 में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू करने वाली विकेटकीपर-बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने इंग्लैंड के लिए लॉर्ड्स टेस्ट के पहले तक 11 टेस्ट, 140 वनडे और 109 टी20 मुकाबले खेले हैं।
टेस्ट की 18 पारियों में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 612 रन बनाए हैं। सर्वाधिक स्कोर 208 रहा है। वनडे की 130 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 4,738 रन बनाए हैं। इसमें 12 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। सर्वाधिक स्कोर 168 रन रहा है। वहीं 93, टी20 पारियों में 1 शतक और 11 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 1,975 रन बनाए हैं।
टैमी ब्यूमोंट भारत के खिलाफ अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाते हुए एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगी।