☰
×

तमिलनाडु: उलुंदुरपेट के पास सड़क किनारे पलटी बस, 20 से अधिक यात्री घायल

 

चेन्नई, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के जनपद कल्लाकुरिची के उलुंदुरपेट में सोमवार तड़के एक निजी बस बड़े हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक युवती तीन घंटे तक बस के नीचे फंसी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया।

यह हादसा उलुंदुरपेट में पाथुर के नजदीक जीएसटी रोड पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट बस चेन्नई से मदुरै जा रही थी, जिसमें 40 से अधिक यात्री सवार थे। बस को तिरुचिरापल्ली के श्रीरंगम के रहने वाले बालमुरुगन (34) चला रहे थे।

सोमवार तड़के जब बस उलुंदुरपेट से सटे पाथुर के पास से गुजर रही थी, तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क के किनारे पलट गई। इससे मौके पर चीख पुकार मच गई है। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर जुट गए, जिन्होंने बस सवार यात्रियों के बाहर निकलने में मदद की।

हालांकि, हादसे में 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर थिरुनावलूर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, घायल यात्रियों को बचाया और इलाज के लिए उलुंदुरपेट सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

इस बीच, पलटी हुई बस के अंदर एक युवती फंसी हुई थी। उसे बचाने के लिए उलुंदुरपेट और थिरुनावलूर की फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के कर्मचारियों ने तीन घंटे से अधिक समय तक मशक्कत की। बस की लोहे की छड़ों को काटकर उन्होंने सफलतापूर्वक युवती को जिंदा बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। युवती की पहचान ऐश्वर्या के तौर पर हुई है।

हादसे के कारण चेन्नई-तिरुचिरापल्ली नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक लगभग दो घंटे तक बुरी तरह प्रभावित रहा। पुलिसकर्मियों ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को हटाया और यातायात को बहाल किया। अधिकारियों ने बताया कि थिरुनावलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

डीसीएच/