☰
×

तमिलनाडु : थेनी सब-जेल से भागे 17 कैदी, ड्रोन सर्विलांस से 8 अन्य धराए, वीडियो जारी

 

थेनी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के थेनी जिले में सब-जेल से कैदियों के फरार होने की घटना सामने आई है। तमिलनाडु साउथ जोन पुलिस ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि ड्रोन निगरानी की मदद से भागे हुए कैदियों को तुरंत ट्रैक कर पकड़ लिया गया है। पुलिस ने तलाशी अभियान का ड्रोन फुटेज भी जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात थेनी सब-जेल में 17 कैदी एक जेल गार्ड के साथ कथित तौर पर मारपीट कर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया।

घटना के तुरंत बाद इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। रात में ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 कैदियों को पकड़ लिया था। इसके बाद मंगलवार सुबह एक और कैदी को एक ऑटो-रिक्शा चालक ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसे वापस जेल भेज दिया गया। इस तरह शुरुआत में 5 कैदियों की गिरफ्तारी हो गई थी।

इस बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु जेल विभाग के डीजीपी संदीप राय राठौर चेन्नई से सीधे थेनी पहुंचे। उन्होंने सब-जेल का मौका-मुआयना किया और जेल की सुरक्षा में हुई लापरवाही को लेकर जांच के आदेश दिए हैं।

फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस ने मंगलवार सुबह से आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। जंगल और पहाड़ी इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए तलाशी अभियान चलाया गया। ड्रोन फुटेज में कैदी झाड़ियों और जंगल में छिपे हुए दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अन्य कैदियों को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार कैदियों की संख्या 8 बताई जा रही है।

पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "थेनी जिले में पुलिस ने ड्रोन निगरानी का इस्तेमाल करके भागे हुए कैदियों की तुरंत पहचान की और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बहुत तेजी और मुस्तैदी से कार्रवाई की।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम