☰
×

तमिलनाडु में 137 किलो क्रिस्टल मेथ जब्त, 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत; चार गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के एक तटीय गांव से 137 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (मेथ) जब्त किया है। अवैध मादक पदार्थों के बाजार में इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी इस खेप को समुद्र के बीच से दूसरे जहाज या नाव में स्थानांतरित कर श्रीलंका तस्करी करने की फिराक में थे।

डीआरआई ने 16 और 17 अक्टूबर 2026 को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर निगरानी और कार्रवाई की। जांच के दौरान नागपट्टिनम जिले के तटीय इलाके में मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप छिपाकर रखे जाने का पता चला। इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान छह डफेल बैग बरामद किए गए, जिनमें चांदी की पन्नी में लिपटे 27 पैकेट रखे हुए थे। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग पांच किलोग्राम था। इनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ मिला, जिसे उच्च शुद्धता वाला मेथामफेटामाइन होने का संदेह है। कुल जब्त खेप का सकल वजन 137 किलोग्राम बताया गया है।

डीआरआई ने मादक पदार्थों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त किया।

कार्रवाई के दौरान संदिग्ध नेटवर्क के कथित संचालक के ठिकाने पर भी तलाशी ली गई। वहां से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जिनके मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रकम होने का संदेह है। इसके अलावा, नशीले पदार्थों की ढुलाई में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई दो चार पहिया गाड़ियां और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया।

जांच में कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े उन लोगों की भूमिका सामने आई, जो समुद्र के रास्ते मादक पदार्थों की खेप को श्रीलंका भेजने के लिए उसके परिवहन, भंडारण और अन्य व्यवस्थाओं में शामिल थे। इस मामले में चार लोगों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

डीआरआई के अनुसार, इस कार्रवाई से न केवल बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों को अवैध बाजार में पहुंचने से रोका गया, बल्कि तटीय मार्ग के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित कथित तस्करी नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया गया।

यह कार्रवाई भारत के समुद्री तटों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के लिए किए जाने की कोशिशों को रोकने के लिए डीआरआई के जारी अभियान का हिस्सा है।

--आईएएनएस

डीएससी