×

तमिलनाडु एग्जिट पोल : तमिलनाडु में डीएमके की वापसी के आसार, 124 सीटें मिलने की उम्मीद

 

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारत के राज्य तमिलनाडु में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल सामने आ गया है। शाइनिंग इंडिया सर्वे में डीएमके की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।

शाइनिंग इंडिया सर्वे में डीएमके नेतृत्व वाले गठबंधन को लगभग 124 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। वहीं, एआईएडीएमके गठबंधन को 103 सीटें मिलने की उम्मीद है। जबकि, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके को भी 7 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

शाइनिंग इंडिया सर्वे में डीएमके गठबंधन को 38.6 प्रतिशत वोट मिलने की बात कही गई है। जबकि, बहुत कम अंतर के साथ एआईएडीएमके 37.3 प्रतिशत के आंकड़े को छू सकती है। इसके साथ ही टीवीके को भी 16.2 प्रतिशत वोट मिलते दिखाई पड़ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर अन्य को 3.9 प्रतिशत और साइंलेंट को 4 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि 234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान संपन्न हुआ था। मतदान में जनता ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दर्ज कराई थी और 84.69 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई थी। तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 118 सीटों की जरूरत होगी।

इस चुनाव में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में उतरे। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके के सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच रहा। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने भी इस बार सभी सीटों पर चुनाव लड़कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

तमिलनाडु में इस बार कुल 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता थे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। कुल मतदान 84.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। वोटिंग प्रतिशत के लिहाज से यह तमिलनाडु के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।

चुनाव में पुरुषों का मतदान 83.57 प्रतिशत, महिलाओं का 85.76 प्रतिशत और थर्ड जेंडर मतदाताओं का मतदान 60.49 प्रतिशत दर्ज किया गया।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से जुड़े आंकड़े केवल सर्वेक्षण और अनुमान पर आधारित हैं और इनका अंतिम नतीजों से कोई संबंध नहीं है। चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित होंगे, जिसके बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम