×

तमिलनाडु को हर तरह की मदद दे रही है केंद्र सरकार: तमिलिसाई सुंदरराजन

 

चेन्नई, 11 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने तमिलनाडु के लिए ग्रामीण रोजगार योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये मंजूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सख्ती से रोक लगाए जाने को कहा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से तमिलनाडु के लिए ग्रामीण रोजगार योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। केंद्र सरकार की ओर से कूवम जैसी नदियों की सफाई के लिए फंड जारी किया गया है। बकिंघम नहर की सफाई के लिए फंड जारी करना खुशी की बात है।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में बकिंघम नहर पानी से भर जाती थी और घरों में बाढ़ आ जाती थी। हम इस योजना को लागू करने की मांग कर रहे थे। इसके लिए फंड जारी करने पर हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं। केंद्र सरकार तमिलनाडु को हर तरह की मदद दे रही है। प्रधानमंत्री ने लोगों के सामने 12 साल की उपलब्धियां रखी हैं।

सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर की ओर से ड्यूटी के समय प्राइवेट इलाज नहीं करने की घोषणा पर तमिलिसाई सुंदरराजन ने चिकित्सा मंत्री की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं चिकित्सा मंत्री की इस घोषणा का स्वागत करती हूं कि तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर ड्यूटी के समय प्राइवेट इलाज न करें। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण होना चाहिए। गांजा और ड्रग्स की लत पर रोक लगनी चाहिए। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। अभी 'लायनेस टास्क फोर्स' बनाई जा रही है। भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।

तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि सीएमडीए में 15 दिनों में 300 से ज्यादा परमिट दिए गए हैं। बिजली सेक्टर के घोटाले की जांच एक हफ्ते बाद ही सीबीसीआईडी को सौंप दी गई। लोगों को यह बताया जाना चाहिए कि इसके पीछे कोई छिपा हुआ मकसद था या किसी को बचाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की आलोचना करने के बजाय सख्ती से काम करना चाहिए।

--आईएएनएस

एसडी/एएस