दीप जलाने के विवाद पर तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी माफी, वीडियो में जाने मंदिर प्रशासन पर लगाया रोकने का आरोप
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने के मामले में राज्य सरकार ने बुधवार को अदालत में माफी मांगी। मदुरै के जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि सरकार ने दीपथून पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसका विरोध किया और अधिकारियों को ऐसा करने से रोक दिया।
सरकार के मुताबिक, मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना मंदिर की स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसी वजह से दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास निर्धारित पारंपरिक स्थान पर ही जलाया गया। हालांकि, याचिकाकर्ताओं ने इसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताते हुए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने दिया था आदेश
दरअसल, तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिक दीपम जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाया जाएगा।अदालत के आदेश के बाद भी निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों ने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया। उनका कहना था कि प्रशासन ने आदेश को लागू करने में टालमटोल की।
मंदिर प्रशासन ने परंपराओं का दिया हवाला
बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में मदुरै कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की ओर से दीपथून पर दीप जलाने का प्रयास किया गया था। लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसे धार्मिक परंपराओं के खिलाफ बताते हुए रोक दिया।मंदिर प्रशासन का तर्क था दीपथून पर दीप जलाने की परंपरा स्थापित धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुरूप नहीं है। इसलिए मंदिर के पास जिस पारंपरिक स्थान पर हर साल दीप जलाया जाता है, उसी जगह दीप प्रज्वलित किया गया।राज्य सरकार ने अदालत में इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए माफी मांगी और बताया कि दीपथून पर दीप नहीं जलाए जाने के पीछे मंदिर प्रशासन का विरोध प्रमुख कारण था।
अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग
याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की। उनका आरोप था कि अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद प्रशासन ने उसका पालन नहीं किया और जानबूझकर आदेश को टालने की कोशिश की।इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता इस संबंध में औपचारिक अवमानना याचिका दाखिल करें। इसके बाद अदालत मामले पर विचार कर उचित आदेश देगी।
अब औपचारिक याचिका पर टिकी नजरें
इस मामले में अब अगला कदम याचिकाकर्ताओं की ओर से अवमानना याचिका दाखिल करना होगा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट यह देखेगा कि अधिकारियों की ओर से आदेश का पालन नहीं किया जाना अदालत की अवमानना के दायरे में आता है या नहीं।तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने का यह विवाद अब धार्मिक परंपराओं, मंदिर प्रशासन और न्यायिक आदेश के पालन से जुड़े अहम मुद्दे में बदल गया है। आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई से इस विवाद की आगे की दिशा तय हो सकती है।