डीएमके जिला सचिवों की बैठक में एमके स्टालिन ने दिया जीत का मंत्र, बोले- चुनावी माहौल हमारे पक्ष में है
चेन्नई, 16 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर डीएमके जिला सचिवों की सोमवार को बैठक हुई। सीएम एमके स्टालिन ने इस बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी चुनाव कार्यों में सबसे आगे रही है। चुनाव नजदीक आते ही पत्रकार और हमारे राजनीतिक विरोधी भी कहते हैं कि डीएमके कार्यकर्ता अथक परिश्रम और ऊर्जा के साथ जमीनी स्तर पर काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में हमारा पलड़ा भारी है। सभी परिवारों को पोंगल उपहार के रूप में 3,000 रुपए देना, 1.31 करोड़ परिवारों को महिला अधिकार सहायता के रूप में 5,000 रुपए देना और वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों सहित लगभग 40 लाख लोगों को 2,000 रुपए की विशेष वित्तीय सहायता देने से हमारे जनसमर्थन में भारी बढोत्तरी हुई है। स्टालिन ने कहा कि हमारे गठबंधन को लेकर कुछ लोगों ने भ्रम फैलाने की कोशिश की, लेकिन हमने नई पार्टियों को शामिल कर मजबूत गठबंधन बना लिया है।
सीएम एमके स्टालिन ने चुनाव जीतने का दावा करते हुए कहा कि हर तरह से चुनावी माहौल हमारे पक्ष में है। हालांकि, अब से जरा सी भी चूक नहीं होनी चाहिए। आप सभी को सतर्क रहना होगा। याद रखें कि आपका हर कार्य, हर गतिविधि और हर बयान चुनाव पर असर डालेगा।
उन्होंने कहा कि हमने लगातार चुनाव संबंधी गतिविधियां चलाई हैं, जैसे 'तमिलनाडु एकता में', 'मेरा बूथ- विजयी बूथ', 'विजयी तमिल महिलाएं' और 'तमिलनाडु झुकेगा नहीं'। इसके अलावा, हमने 'विजयी तमिल महिलाएं' अभियान के तहत बूथ समितियों के लिए प्रशिक्षण सम्मेलन, युवा विंग की बैठकें और महिला विंग के सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किए। इन सभी प्रयासों से हमने पार्टी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा सम्मेलन भी आयोजित किया। हमारे सभी अभियानों और सम्मेलनों को सफल बनाने का श्रेय आप सभी को जाता है।
स्टालिन ने कहा कि बीते वर्ष की मेहनत का फल पाने का यही समय है। आने वाले दिन किसी रिले दौड़ के अंतिम चरण की तरह होंगे, जिसमें हम फिनिशिंग लाइन की ओर दौड़ रहे होंगे। हममें से किसी को भी धीमा नहीं पड़ना चाहिए। पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को पहले से दोगुनी मेहनत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। हमें हर उस निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल करनी है, जहां हम चुनाव लड़ रहे हैं। अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ मिलकर 200 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम करें।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव समाप्त होने तक पार्टी के भीतर कोई भी मुद्दा नहीं होना चाहिए। अगर कोई भी व्यक्ति पार्टी के भीतर अनावश्यक भ्रम या समस्याएं पैदा करेगा और यह बात मुझे पता चलेगी तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह व्यक्ति कितना भी वरिष्ठ क्यों न हो। प्रत्येक पदाधिकारी को इसकी स्पष्ट जानकारी दें। मेरे लिए पार्टी का कल्याण किसी भी व्यक्ति विशेष से अधिक महत्वपूर्ण है। मैं दृढ़ता से कहता हूं कि अगर आवश्यक हुआ तो चुनाव अवधि के दौरान भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जीत के लिए मैदान तैयार है। जीत की तैयारी करें। कड़ी मेहनत करें, और भी अधिक मेहनत करें। आइए मिलकर काम करें। हम मिलकर जीतेंगे।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी