तलाक के बाद भी माही विज के साथ खड़े हैं जय भानुशाली, बोले- शादी का स्टेटस प्यार नहीं बदल सकता
मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के हालिया एपिसोड में अभिनेत्री माही विज अपने पूर्व पति जय भानुशाली से जुड़े एलिमनी से जुड़े मामले पर इमोशनल होती दिखी थीं।
माही ने शो में बताया था कि उन्होंने तलाक के दौरान गुजारा भत्ता लेने से इनकार कर दिया था। अब इस मामले पर जय भानुशाली ने प्रतिक्रिया दी है और अपनी एक्स वाइफ माही विज का समर्थन किया।
जय भानुशाली का कहना है कि पैसों को वह कभी-भी अपने बीच में नहीं आने देंगे। माही और उनकी बेटी तारा के लिए उनका प्यार और सम्मान हमेशा बना रहेगा।
माही की टीम ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनेत्री की यह क्लिप शेयर की थी, जिस पर कई सेलेब्स ने प्रतिक्रिया दी थी। वहीं, जय भानुशाली ने भी कमेंट करते हुए भरोसा दिलाया कि अलग होने के बावजूद वह हमेशा माही और तारा के साथ खड़े रहेंगे।
जय भानुशाली ने लिखा, "मजबूत रहो माही। हम दोनों जानते हैं कि हम मुश्किल समय में हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे। पैसा कभी भी हमारे बीच न तो था और आगे भी कभी नहीं रहेगा। तुम और तारा हमेशा जीवन भर मेरी जिम्मेदारी रहोगी। शादी का स्टेटस तुम दोनों के लिए मेरे प्यार और सम्मान को कभी नहीं बदल सकता। मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं।"
दरअसल, जय भानुशाली का यह बयान तब आया, जब रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के एक एपिसोड में अभिनेत्री माही विज अपनी सिंगल मदर की जर्नी, गुजारा भत्ता न लेने के फैसले और अपनी बेटी के भविष्य को खुद संवारने के इरादे पर बात करते हुए इमोशनल हो गई थीं।
'बिग बॉस 20' के पिछले एपिसोड में माही ने तारा की परवरिश के अपने अनुभव के बारे में बताया था और समझाया था कि उन्होंने जय से गुजारा भत्ते या मेंटेनेंस के तौर पर आर्थिक मदद न लेने का फैसला क्यों किया।
उन्होंने बताया था कि जज ने उन्हें चार बार एलिमनी लेने के बारे में पूछा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था, क्योंकि वह जानती हैं कि जय भानुशाली ने वह पैसा अपनी कड़ी मेहनत से कमाया है।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम