×

टी20 वर्ल्ड कप: खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड से होगी भारत की भिड़ंत, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

 

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगी। खिताबी मैच की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। भारतीय टीम ने चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। वहीं, न्यूजीलैंड टीम टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है।

टी20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 16 में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है। वहीं, 11 मुकाबले न्यूजीलैंड ने जीते हैं। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आज तक एक मैच में भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। दोनों टीमों के बीच टी20 विश्व कप में 3 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में जीत न्यूजीलैंड को नसीब हुई है।

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए थे। संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली थी।

वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए थे। भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 246 रन ही बना सकी थी। भारतीय टीम के पास फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। टी20 विश्व कप में आज तक कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब नहीं जीत सकी है।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराया था। साउथ अफ्रीका से मिले 170 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने महज एक विकेट खोकर 12.5 ओवर में हासिल कर लिया था। फिन एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

एलन टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। वहीं, टिम सीफर्ट भी टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के मध्यक्रम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ खास नहीं रहा है। डेरिल मिचेल और मार्क चैपमेन रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। गेंदबाजी में रचिन रविंद्र ने सर्वाधिक 11 विकेट निकाले हैं। वहीं, मैट हेनरी ने नई गेंद से दमदार प्रदर्शन किया है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी