टी20 वर्ल्ड कप: फाइनल में चला जसप्रीत बुमराह का जादू, तोड़ा लसिथ मलिंगा का बड़ा रिकॉर्ड
अहमदाबाद, 8 मार्च (आईएएनएस)। टीम इंडिया ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम कर लिया है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। गेंद से भारतीय टीम की जीत के नायक एक बार फिर जसप्रीत बुमराह रहे। बुमराह ने खिताबी मुकाबले में 4 विकेट लेने के साथ ही लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी की। 4 ओवर के स्पेल में बुमराह ने सिर्फ 15 रन खर्च किए और 4 बड़े विकेट चटकाए। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में बुमराह ने दूसरा सबसे बेहतरीन स्पेल फेंका। इसके साथ ही बुमराह टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भी बन गए हैं। बुमराह ने इस मामले में लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा है। बुमराह के नाम अब टी20 वर्ल्ड कप में 40 विकेट दर्ज हो गए हैं। वहीं, मलिंगा ने 38 विकेट निकाले हैं। बुमराह ने फाइनल मुकाबले में रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, जेम्स नीशम और मैट हेनरी को पवेलियन भेजा।
भारत से मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 52 रन बनाए, जबकि मिचेल सैंटनर ने 43 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इन दोनों को छोड़कर कीवी टीम के बाकी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए। भारत की ओर से गेंदबाजी में बुमराह के अलावा अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट निकाला।
इससे पहले भारत ने टॉस गंवाने के बाद 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। संजू सैमसन ने लगातार तीसरे मुकाबले में अर्धशतक लगाया। संजू ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए। ईशान किशन भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप को जीतने के साथ ही इतिहास रच दिया है।
--आईएएनएस
एसएम/डीएससी