×

टी20 वर्ल्ड कप : विभिन्न शहरों और राज्यों से बड़ी संख्या में ट्रेन से मैच देखने अहमदाबाद पहुंचे क्रिकेट प्रेमी

 

अहमदाबाद, 8 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर पूरे देश में उत्साह है और क्रिकेट प्रेमी जीत को लेकर दुआएं और प्रार्थना कर रहे हैं। इसके साथ ही विश्व कप को यादगार बनाने के लिए अन्य तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में मैच देखने के लिए पहले विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर मैच से ही पहले पहुंचने लगे हैं।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा, "मैं मूल रूप से भारत का रहने वाला हूं, लेकिन फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रहता हूं। हम खास तौर पर मैच देखने के लिए यहां आए हैं। आज अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या अच्छी बैटिंग कर सकते हैं।"

वहीं, ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले प्रशंसक ने कहा, "सौ फीसदी इंडिया मैच जीतेगी। हम 2023 में इंडिया-पाकिस्तान मैच देखने आए थे, तब भी भारत मैच जीता था। इंडिया-ऑस्ट्रेलिया मैच देखने नहीं आए थे तो भारत हार गया था। आज सूर्यकुमार यादव ही विश्व कप की ट्रॉफी उठाएंगे।" प्रशंसक ने दावा किया कि न्यूजीलैंड 156 रन भी नहीं बना पाएगी।

वहीं, एक युवक ने कहा कि आज भी भारत की टीम 200 से अधिक रन बनाएगी। संजू सैमसन अच्छी बैटिंग करते हुए नजर आएंगे। महाराष्ट्र के पुणे से मैच देखने पहुंचे क्रिकेट प्रशंसक ने कहा, "हम भारत-न्यूजीलैंड मैच देखने पुणे से आए हैं। आज का मैच बहुत रोमांचक है और भारत ही जीतेगा। सभी में जबरदस्त उत्साह और रोमांच है।"

पुणे से आए एक और क्रिकेट प्रेमी ने कहा, "पहली बैटिंग मिली तो अच्छे रन बनने की उम्मीद है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव से कप्तानी पारी की उम्मीद है।"

अपने बेटे के साथ पुणे से मैच देखने आए एक व्यक्ति ने कहा कि बेटे की कल ही बोर्ड परीक्षा खत्म हुई थी। बेटे को मैच देखने की इच्छा थी, इसलिए हमने गिफ्ट के तौर पर उसे मैच दिखाने यहां आए हैं।

एक महिला क्रिकेट प्रेमी ने कहा, "मैं मैच देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं। इसलिए ट्रेन से सफर कर अहमदाबाद पहुंची हूं।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस