टी20 विश्व कप के फाइनल में संजू सैमसन लगाएंगे शतक: भारतीय फैंस
चंदौली, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुजरात स्थित अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसे लेकर यूपी के चंदौली में युवा भारतीय फैंस ने दावा किया कि फाइनल मैच भारत जीतेगा और ट्रॉफी भारत में ही रहेगी।
यूपी के चंदौली में कुछ युवा क्रिकेटरों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। आयुष भारद्वाज ने कहा कि हम भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि भारत फाइनल जीतेगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव, स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अच्छी बल्लेबाजी करेंगे। इसके अलावा गेंदबाजी के मोर्चे पर वरुण चक्रवर्ती अच्छी गेंदबाजी करेंगे। हालांकि, न्यूजीलैंड भी एक अच्छी टीम है, वह भी कड़ा मुकाबला देगी।
सत्यम यादव ने कहा कि भारत जीतेगा। हमारी टीम हर क्षेत्र में मजबूत है। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। एक-दो गेंदबाजों को काफी रन पड़े हैं, लेकिन हर मैच एक नया मैच होता है। हमें उम्मीद है कि फाइनल में हमारे सभी गेंदबाज शानदार प्रदर्शन करेंगे। फाइनल भारत जीतेगा। बस हमें फाइनल मुकाबले में अच्छी फील्डिंग कर 20 से 30 रन बचाने होंगे।
उन्होंने कहा कि फिन एलन के अलावा न्यूजीलैंड के पास अच्छे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। भारतीय गेंदबाजों को जल्द से जल्द फिन एलन को आउट करना होगा, नहीं तो वे भारत के लिए खतरा हो सकते हैं।
अनुज कुमार ने कहा कि भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। हमारे बल्लेबाजों ने जहां विपक्षी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ खराब करने का काम किया तो वहीं गेंदबाजों ने विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया। भारत के कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो कभी भी मैच का रुख बदल सकते हैं। मुझे विश्वास है कि अगर हमारी टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेगी तो यह विश्व कप भी भारत के हिस्से में ही आएगा। भारत के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन मैच का रुख पलट सकते हैं।
विशाल जायसवाल ने कहा कि पिछले दो मैच में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से टीम को जिताने का काम किया है। फाइनल मुकाबले में वह अच्छी बल्लेबाजी करेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ वे शतक से चूक गए थे, लेकिन फाइनल में संजू सैमसन शतक लगाएंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी