☰
×

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: बडोनी संभालेंगे दिल्ली की कमान, इशांत टीम में शामिल, नीतीश बाहर

 

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के बल्लेबाज नीतीश राणा को बाहर रखा गया है। बैटिंग ऑलराउंडर आयुष बडोनी कप्तानी करेंगे।

शुक्रवार दोपहर डीडीसीए परिसर में सीनियर पुरुष चयन समिति की बैठक में खिलाड़ियों का ऐलान किया गया। इस बैठक में चयनकर्ता के. भास्कर पिल्लई, मनु नायर और प्रवीण गुप्ता के साथ-साथ मुख्य कोच विजय दहिया, क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के अध्यक्ष सरनदीप सिंह और डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा मौजूद थे।

इशांत का चयन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि 100 से अधिक टेस्ट मैच खेल चुका यह सीनियर तेज गेंदबाज दिल्ली के लिए घरेलू 'व्हाइट-बॉल' क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता है। उनका अनुभव मयंक यादव, हर्षित राणा और सिमरजीत सिंह जैसे अन्य तेज गेंदबाजों के लिए भी काफी मददगार साबित हो सकता है।

'आईएएनएस' को मिली जानकारी के अनुसार, राणा दिल्ली के लिए एक मैच खेल सकते हैं, ताकि यह देखा जा सके कि बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में लंबे समय तक रिहैब से गुजरने के बाद वह पूरी तरह फिट हैं या नहीं। राणा को 'मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप' के लिए इंडिया-ए टीम में भी शामिल किया गया है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर के दोहा में 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाएगा।

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के बाद से राणा ने कोई मैच नहीं खेला है। इस चोट के कारण उन्हें उस सीरीज से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए उन्हें शर्तों के साथ टीम में चुना गया था, लेकिन 7 सितंबर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में मैच की प्रैक्टिस के दौरान उनकी बाईं जांघ में फिर खिंचाव आ गया। इसके चलते उनकी चोट से उबरने की प्रक्रिया और लंबी हो गई।

स्पिन विकल्पों में लेग-स्पिनर सुयश शर्मा और मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी शामिल हैं, जबकि मयंक रावत और केशव डबास ऑलराउंडर के तौर पर टीम में हैं। बल्लेबाजी विभाग में बडोनी के साथ ओपनर प्रियांश आर्य, भारत की अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान यश ढुल, हिम्मत सिंह, सार्थक रंजन और आयुष डोसेजा होंगे। अनुज रावत और तेजस्वी टीम में दो विकेटकीपर हैं।

टीम अपने एलीट ग्रुप बी अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को इंदौर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी। पहले मैच के बाद, दिल्ली का सामना 16 नवंबर को पंजाब से होगा। इसके बाद टीम बिहार (18 नवंबर), सौराष्ट्र (20 नवंबर), हरियाणा (22 नवंबर), तमिलनाडु (24 नवंबर) और रेलवे (26 नवंबर) के खिलाफ खेलेगी।

दिल्ली की टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य, सार्थक रंजन, यश धुल, आयुष डोसेजा, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिग्वेश राठी, इशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव, सिमरजीत सिंह।

--आईएएनएस

आरएसजी