☰
×

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: महज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी शुरुआती 2 मुकाबलों में होंगे बिहार के कप्तान

 

पटना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे। उन्हें आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए कप्तान नियुक्त किया गया है। 17 सदस्यीय टीम में सूरज कश्यप को उप-कप्तान बनाया गया है।

सूर्यवंशी शुरुआती दो मुकाबलों के लिए कप्तान होंगे, क्योंकि इसके बाद उन्हें 'मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप' के लिए इंडिया ए टीम से जुड़ना है। 50 ओवरों का यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर के दोहा में आयोजित किया जाएगा।

4 से 6 नवंबर तक हुए ट्रायल और पिछले प्रदर्शनों की समीक्षा के बाद, शुक्रवार को सीनियर पुरुष चयन समिति की बैठक में बिहार की टीम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय शामिल हुए, जबकि चयनकर्ता एस. सरथ इसमें ऑनलाइन जुड़े।

मंगल महौर और तेज गेंदबाज साकिब हुसैन को भी चुना गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। चयनकर्ता पहले दो मैचों के बाद उनकी फिटनेस देखेंगे और फिर तय करेंगे कि वे खेलने के लिए उपलब्ध हैं या नहीं। दिलचस्प बात यह है कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने 16 स्टैंडबाय खिलाड़ियों के नाम भी घोषित किए हैं।

बिहार अपने पहले दो मैच इंदौर में सौराष्ट्र और रेलवे के खिलाफ क्रमशः 14 और 16 नवंबर को खेलेगा। राज्य की रणजी ट्रॉफी टीम का सपोर्ट स्टाफ पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के साथ रहेगा, जबकि हरविंदर और विजयवर्गीय मैच देखने के लिए इंदौर जाएंगे।

बिहार की टीम: वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), सूरज कश्यप (उप-कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान, हिमांशु सिंह।

फिटनेस पर निर्भर: मंगल महौर, साकिब हुसैन।

स्टैंडबाय खिलाड़ी: बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार, प्रशांत श्रीवास्तव।

--आईएएनएस

आरएसजी