×

स्वतंत्रता दिवस से पहले गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, मेट्रो स्टेशन और मॉल में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग

 

नोएडा, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाते हुए सघन चेकिंग और फुट पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वाड (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वाड की टीम भी मौजूद रही। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में 14 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार, एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा कृष्ण पाल सिंह, थाना प्रभारी नॉलेज पार्क, बीडीडीएस टीम और डॉग स्क्वाड के साथ थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में सुरक्षा अभियान चलाया।

अधिकारियों ने परी चौक मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाकों में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। परी चौक मेट्रो स्टेशन पर पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि स्टेशन परिसर और आसपास आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

पुलिस ने महत्वपूर्ण स्थानों पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह, एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत, बीडीडीएस टीम और डॉग स्क्वाड के साथ थाना बिसरख क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने गौर मॉल और आसपास के अन्य स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग की तथा वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर नजर पड़ने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। इसके साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच करने और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से समय रहते निपटना है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस की बढ़ी हुई सक्रियता के चलते मेट्रो स्टेशन, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस