स्वतंत्रता दिवस पर ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर कड़ा पहरा
नोएडा, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली और नोएडा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 15 अगस्त को देखते हुए नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाले प्रमुख बॉर्डर और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आसमान से लेकर जमीन तक हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। नोएडा-दिल्ली सीमा के प्रमुख डीएनडी फ्लाईवे, कालिंदी कुंज और चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली और नोएडा पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। इन स्थानों से दिल्ली की ओर जाने और दिल्ली से नोएडा आने वाले वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। संदिग्ध वाहनों और लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। चेकिंग पूरी होने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके साथ ही आसपास की ऊंची इमारतों से भी निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी ऊंचाई वाले स्थानों से बॉर्डर और आसपास के इलाकों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पहचान की जा सके।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन और अन्य हवाई गतिविधियों को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित किया गया है। पुलिस की टीमें ड्रोन के संभावित इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। वाहनों को निर्धारित चेकिंग प्वाइंट से गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ ही अन्य वाहनों की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए नोएडा पुलिस भी दिल्ली पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। दोनों शहरों की पुलिस टीमों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
खासतौर पर दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्रों में ड्रोन न उड़ाएं और पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग में सहयोग करें।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीकेयू