गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश हुए स्वतंत्र भारद्वाज, कोर्ट ने मंजूर की 1 दिन की पुलिस रिमांड
दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट के जज के आवास पर पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने भारद्वाज को मंगलवार देर शाम उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज के खिलाफ पहले से दर्ज एक FIR में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
जंतर-मंतर पर मारपीट के आरोप से शुरू हुआ विवाद
स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मारपीट से जुड़े विवाद के बीच हुई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें भारद्वाज कथित तौर पर एक व्यक्ति का सिर फोड़ने की बात करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी।
पॉडकास्ट की क्लिप वायरल होने के बाद बढ़ा मामला
3 सितंबर को स्वतंत्र भारद्वाज के एक पॉडकास्ट की छोटी क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इसमें वह कथित तौर पर एक व्यक्ति पर हमला करने की बात करते दिखाई दिए।
वायरल क्लिप में भारद्वाज ने दावा किया था कि उन्होंने एक व्यक्ति के सिर पर कड़े से वार किया था, जिसके बाद उसे कई टांके लगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि राजनीतिक संपर्कों की वजह से उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा।
वीडियो में बीजेपी नेता कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कुछ राजनीतिक हस्तियों के नाम का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया।
विपक्षी दलों और CJP से जुड़े लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि स्वतंत्र भारद्वाज को राजनीतिक संरक्षण हासिल था। हालांकि, चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज के साथ किसी तरह के संबंध होने से इनकार किया था।