×

'स्वार्थ के लिए गठबंधन हुआ था', 'इंडिया' गठबंधन की बैठक पर एनडीए नेताओं ने कसा तंज

 

पटना, 7 जून (आईएएनएस)। नई दिल्ली में 8 जून को होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की बैठक को लेकर एनडीए नेताओं ने तंज कसा है।

डीएमके, जेएमएम और सीपीआई की ओर से 'इंडिया' गठबंधन की बैठक को बहिष्कार किए जाने को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि इन लोगों की आपस में स्वार्थ की राजनीति है। जहां स्वार्थ है, वहां सिर फुटव्वल तय है। एनडीए पूरे देश में एकजुट है, बिहार में एकजुट है।

बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठक को लेकर कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ के लिए हुआ था। सब लोग बिखर गए हैं। टीएमसी में बड़ी टूट हुई है। डीएमके उनके (कांग्रेस) साथ नहीं रहना चाहता है। आने वाले वक्त में सब लोग एनडीए के साथ होंगे और एनडीए को मजबूत करेंगे। देश के विकास में योगदान देंगे।

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन में जब तक राहुल गांधी रहेंगे तब तक कभी सफल नहीं हो सकता है। इसलिए विपक्ष के नेताओं को सोचने का वक्त आ गया है कि राहुल गांधी के साथ रहना है या अपने नाव को बचाना है। राहुल गांधी ने नेतृत्व में जब तक 'इंडिया' गठबंधन रहेगा पूरे विपक्षा का नाव डूब जाएगा। दिलीप जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी क्षेत्रीय दलों को कभी पनपे नहीं देंगे, क्योंकि राहुल गांधी सदैव इस देश के विचारधारा के खिलाफ बात करते हैं। देश विरोधी ताकत राहुल गांधी को ज्यादा पसंद है।

भाजपा विधायक मंगल पांडे ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन में कभी भी निरंतरता, एकजुटता और स्थायित्व नहीं रहा है। ये स्वार्थी लोगों का कुछ समूह होता है, परिवारवादी लोगों का कुछ समूह होता है, जो लोग अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए परिवारवाद की राजनीति करते हैं और समय-समय पर विभिन्न दलों को जोड़कर गठबंधन करते हैं। सभी दल समय-समय पर समझते रहे हैं कि वास्तव में देश के विकास की सोच के साथ बना हुआ कोई गठबंधन नहीं है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम