स्वरा भास्कर के राम मंदिर वाले बयान पर घमासान, वीएचपी प्रवक्ता ने बताया 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' की सदस्य
मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री स्वरा भास्कर के राम जन्मभूमि फैसले पर दिए गए बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। स्वरा के बयान पर विश्व हिंदू परिषद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' की सदस्य और हिंदू आस्था के खिलाफ बोलने वाली बताया।
वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा, "भगवान श्री राम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बने इसके लिए हिंदू समाज ने लगभग पांच सौ साल संघर्ष किया। हजारों हिंदुओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। आज वहां भव्य मंदिर बनकर तैयार है।"
उन्होंने आगे कहा कि लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए जा रहे हैं। दुनियाभर से हिंदू अयोध्या में दर्शन के लिए आ रहे हैं। फिर भी हम देख रहे हैं कि एक महिला, जिसका नाम मैं लेना भी नहीं चाहता, जिसने इक्का-दुक्का फिल्में ही की हैं, वह 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' की सदस्य है और लगातार हिंदू धर्म, हिंदू रीति-रिवाजों, परंपराओं, संतों और आस्था के खिलाफ बोलती रहती है। उनके पास कोई असली काम-धंधा नहीं है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती बम विस्फोट को लेकर उन्होंने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान ने आतंकवाद का निर्यात किया है, भारत में कई बम विस्फोट करवाए और पड़ोसी अफगानिस्तान में तालिबान को बढ़ावा दिया। पाकिस्तान ने जिन आतंकवादियों को पाला-पोसा और दूसरे देशों के खिलाफ इस्तेमाल किया, वही आतंकवादी अब उसके लिए ही सिरदर्द बन गए हैं। पाकिस्तान भर में समय-समय पर बम विस्फोट हो रहे हैं।
वीएचपी प्रवक्ता ने आगे कहा कि उसके पाले हुए आतंकवादी ही अब उसके खिलाफ हो रहे हैं। यह पाकिस्तान, यह 'ना-पाक' देश, दुनिया को आतंकवाद के सिवा कुछ नहीं दे पाया है।
वहीं, स्वरा भास्कर के राम जन्मभूमि पर दिए बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मौलाना महमूद दरियाबादी ने कहा, "यह केवल उनका बयान नहीं है। सभी समझदार, न्यायपसंद लोग, जो इस देश के लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, बाबरी मस्जिद को जिस तरीके से ढहाया गया, आश्वासन देने और लिखित में औपचारिक वचन देने के बाद कि उसकी पूरी तरह से हिफाजत की जाएगी, भीड़ जमा करके उसे बेहद बर्बर तरीके से नष्ट और ध्वस्त कर दिया गया। यह एक आपराधिक कृत्य था। अदालत ने इसे आपराधिक कृत्य माना है। न्याय को महत्व देने वाले सभी लोग इसे आपराधिक कृत्य कहते हैं।"
--आईएएनएस
केके/एबीएम