×

स्वच्छता ही सेवा 2026: मालदा रेल मंडल ने चलाया जागरूकता अभियान, स्थानीय निवासियों समेत यात्रियों को दिया सफाई का संदेश

 

मालदा, 23 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल ने 'स्वच्छता ही सेवा-2026' के तहत रेलवे कॉलोनियों और स्टेशनों पर स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही यात्रियों को भी साफ-सफाई और कचरे के सही निपटारे का संदेश दिया गया।

'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। मालदा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

अभियान के तहत मालदा टाउन, न्यू फरक्का, भागलपुर और साहिबगंज की रेलवे कॉलोनियों में डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मालदा में रेलवे सुपरवाइजरों ने स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम के साथ मालदा मिडिल कॉलोनी और पावर हाउस कॉलोनी में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता, कचरे के जिम्मेदारी से निपटारे, सुरक्षा उपायों और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता अभियान में समुदाय की सक्रिय भागीदारी के महत्व के बारे में बताया गया।

इसी तरह भागलपुर रेलवे कॉलोनी में भी डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उन्हें अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कचरे का सही तरीके से निपटारा करने और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

मालदा रेल मंडल के अनुसार, इस तरह के सीधे संपर्क वाले कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता का संदेश लोगों के घरों तक पहुंचाना और उन्हें अभियान में सक्रिय भागीदार बनाना है।

रेलवे कॉलोनियों के साथ-साथ बांका, धनौरी, धुलियान गंगा, न्यू फरक्का और जमालपुर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए भी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।

जमालपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पर्चे बांटे गए। इनके जरिए यात्रियों से रेलवे परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, निर्धारित कूड़ेदानों का इस्तेमाल करने और कचरे को जिम्मेदारी से निपटाने की अपील की गई।

मालदा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 'सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें' संदेश के साथ भी यात्री जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे ने यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

रेलवे के मुताबिक, इन जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए मालदा मंडल रेलवे परिसरों को स्वच्छ, साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दे रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी