वॉशिंगटन में अमेरिकी सैन्य बेस के ऊपर संदिग्ध ड्रोन, फुटेज में देंखे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में स्थित एक प्रमुख सैन्य बेस के ऊपर संदिग्ध ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट के अनुसार, ये ड्रोन वॉशिंगटन के फोर्ट लेसली मैकनेयर (Fort Lesley J. McNair) के ऊपर देखे गए, जहां अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी रह रहे हैं।
अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, इन ड्रोन की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे कहां से संचालित हो रहे थे। मामले से जुड़े तीन लोगों ने बताया कि इन ड्रोन की गतिविधियां संदिग्ध मानी जा रही हैं, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हालिया हमलों के चलते पहले से ही सुरक्षा अलर्ट उच्च स्तर पर था। इसी कारण संभावित खतरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह घटना राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला हो सकता है, इसलिए सभी एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 10 दिनों में एक रात के दौरान फोर्ट लेसली मैकनेयर के ऊपर कई ड्रोन देखे गए थे। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया। न केवल बेस की सुरक्षा बढ़ाई गई, बल्कि राजधानी में भी निगरानी तेज कर दी गई है।
इस घटना के बाद व्हाइट हाउस में एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई गई, जिसमें सुरक्षा हालात और संभावित खतरों पर चर्चा की गई। बैठक में उच्च स्तरीय अधिकारियों ने ड्रोन के स्रोत और उद्देश्य का पता लगाने के लिए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि सैन्य ठिकानों के ऊपर इस तरह के अज्ञात ड्रोन की मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि यह जासूसी या किसी संभावित हमले की तैयारी का संकेत भी हो सकता है। हालांकि, अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने इस घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।