☰
×

'सुर्खियोफोबिया' जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर

 

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए गए पर बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी की अर्थव्यवस्था की समझ शून्य है और वो 'सुर्खियोफोबिया' जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जो सिर्फ झूठ बोलकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी 'सुर्खियोफोबिया' जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें सुर्खियों में बने रहने की लत लग चुकी है और इसी के चलते वो हर दिन कुछ ऐसी बात करते हैं कि वो चर्चा में बने रहें। इनका जनाधार तो बचा नहीं, लेकिन झूठ बोलकर, सनसनी फैला कर कैसे जनविचार पर कब्जा किया जाए, राहुल गांधी इसी फिराक में रहते हैं। ये पहली बार नहीं है, राहुल गांधी जब-जब किसी प्रायोजित कार्यक्रमों में विदेश जाते हैं, वो भारत, भारतीयता और भारत के एक चुने हुए प्रधानमंत्री, जो की दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं उनका मजाक बनाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह राहुल गांधी की कुंठा ही तो है कि जब देश में कोई उनकी बात ना सुन रहा हो तो विदेश में प्रायोजित कार्यक्रम करवाओ और सस्ती लोकप्रियता के लिए हल्के बयान दो। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए एक सुनियोजित तरीके से विदेशी सरजमीं से राहुल गांधी ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है। राहुल गांधी हरेक साल विदेशों की गुप्त और सार्वजनिक यात्राएं करते हैं। अपने विदेशी दोस्तों, विदेशी हैडलर्स से मिलते हैं और इनके सारे दोस्त और हैंडलर्स एंटी इंडिया माइन्ड्सेट वाले हैं और भारत के खिलाफ नई साजिशें रचते हैं। राहुल गांधी अपनी पार्टी भारत के लोकतंत्र के लिए एक दायित्व हैं और जल्द ये अपने हैडलर्स के लिए भी दायित्व साबित होंगे।”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश यात्रा पर कोलंबिया की यूनिवर्सिटी में एक साजिश के तहत भारत को बदनाम करने के लिए अनर्गल बयान, झूठे वक्तव्य और बेबुनियाद बातें कहते जो कि अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है। आखिर भारत की विकास यात्रा से राहुल गांधी को इतनी नफरत क्यों है? राहुल गांधी कहते हैं, “भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है।” राहुल गांधी अकेले ऐसे नेता और भारत के नागरिक होंगे, जिन्हें ऐसा लगता है कि भारत की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, जबकि सच्चाई ये है कि भारत की रियल जीडीपी ग्रोथ अप्रैल-जून 2026 में 7.8 प्रतिशत रही है। आईएमएफ के मुताबिक, भारत की जीडीपी ग्रोथ 7 प्रतिशत है, जबकि चीन की ग्रोथ का अनुमान 4.5 प्रतिशत है। यूएसए 2.3 प्रतिशत, रूस 0.9 प्रतिशत, जापान 0.75 प्रतिशत, जर्मनी 1.32 प्रतिशत, यूके 1.27 प्रतिशत है।”

उन्होंने कहा, “अक्टूबर 2026 में देश का सकल जीएसटी संग्रह 2.31 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 22.9 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही अक्टूबर में 15.621 करोड़ ई-वे बिल जारी होना देश में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, व्यापारिक लेन-देन और माल की आवाजाही का स्पष्ट संकेत है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर विस्तार कर रही है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। 2026 में दीपावली के अवसर पर देशभर में 7 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होना भारतीय उपभोक्ताओं की बढ़ती क्रय शक्ति और बाजार की मजबूती को दर्शाता है। राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था को लेकर देश और विदेश में नकारात्मक विमर्श खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक 717 अरब डॉलर से अधिक के मजबूत स्तर पर बना हुआ है।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी आज जिस पत्रकार के साथ मिलकर भड़ास निकाल रहे थे उसका नाम है लिडिया पोलग्रीन। यह वही पत्रकार है, जो शुरू से ही जम्मू-कश्मीर के मामले में भारत विरोधी प्रोपेगैंडा फैलाता रहा है। 12 अगस्त 2010 को न्यूयॉर्क टाइम्स में एक लेख छपा था 'इंडियन फोर्स फेस बॉर्डर रिवोल्ट इन कश्मीर' और लिखने वाला और कोई नहीं लिडिया पोलग्रीन। उस समय देश में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर चलने वाली कांग्रेस सरकार थी और इस आर्टिकल में ऐसी ऐसी बातें लिखी गई हैं जो सीधे सीधे भारत के खिलाफ हैं और आतंकवादियों के समर्थन में लिखी गई। देश जानना चाहता है कि ये सभी भारत विरोधी राहुल के यार दोस्त कैसे बन जाते हैं।”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “राहुल गांधी, भय भ्रम और झूठ की राह पर चलते हुए देश को अराजकता और अविश्वास के गर्त में धकेलना चाहते हैं, जबकि उनकी बातों और आरोपों में लेश मात्र भी सच्चाई नहीं है। राहुल गांधी अपने विदेशी आकाओं के इशारों पर विदेशी सरजमीं का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों को चलाने और अपने कुटिल एजेंडे को चलाने में लगा रहे हैं, जिसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है।

--आईएएनएस

डीकेपी/