☰
×

सूरत: भाग रहे संदिग्ध ने कांस्टेबल पर किया चाकू से वार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित नीलगिरी ग्राउंड में देर रात पुलिस और एक संदिग्ध के बीच हाफ एनकाउंटर की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसे पकड़ने पहुंचे एक पुलिस कांस्टेबल पर उसने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी के हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लिंबायत पुलिस थाने के इंस्पेक्टर डीडी चौहान ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान नीलगिरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा। उसके व्यवहार और गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया।

टीम के कांस्टेबल अनिल कुमार अमर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर कांस्टेबल पर वार कर दिया। इसी दौरान इंस्पेक्टर और पुलिस टीम के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को बार-बार चाकू फेंककर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने पहले हवा में एक राउंड फायरिंग की। बावजूद इसके, जब वह काबू में नहीं आया तो पुलिस ने उसके पैर में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, चाकू के हमले में घायल हुए पुलिस कांस्टेबल का लिंबायत स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान परवेज मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लिंबायत क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कबूल किया है कि बीती रात महिधरपुरा, वराछा और कतारगाम क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं को उसने अपने साथी गुड्डू उर्फ लक्ष्मण के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का कुछ सामान भी बरामद किया है और मामले की आगे की तहकीकात जारी है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस