☰
×

तमिलनाडु सरकार पर भड़के सुधांशु त्रिवेदी बोले-'सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीप नहीं जलाने दिया गया'

 

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कार्तिगई दीपम के दौरान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीप नहीं जलाने दिया गया। यह राज्य की टीवीके सरकार की विफलता है।

इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "कार्तिक महीने की पूर्णिमा, जिसे उत्तर भारत में कार्तिक पूर्णिमा (देव दीपावली) और गंगा स्नान कहा जाता है, उसे ही तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम कहते हैं। यह शब्द भी कार्तिक की पूर्णिमा से ही आया है। इस दिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीप नहीं जलाने दिया गया। यह पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले दीपावली की पूर्व संध्या पर शंकराचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया था।"

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "मैं चुनौती देकर पूछता हूं कि आपने देव दीपावली के दिन कार्तिगई दीपम 'दीपथून' के ऊपर दीप प्रज्ज्वलित नहीं करने दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ऐसे में कांग्रेस पार्टी या इंडी गठबंधन की हैसियत है कि किसी दूसरे मजहब, धर्म के पर्व के दिन उनको यह कार्य करने से रोका जाए। यह इंडी गठबंधन की 'इरेडिकेशन ऑफ सनातन धर्म' की जो खतरनाक विचारधारा है, उससे यह घटनाक्रम प्रेरित है।"

उन्होंने कहा, "तमिलनाडु के पेरंबदूर जिले के कोलत्तूर गांव में 2021 में सिर्फ इस बात पर विवाद हो गया था कि मुस्लिम बहुल गांव था। वहां पर मंदिर में पूजा, अर्चना, घंटा और घड़ियाल रोकने की बात हुई थी। आखिर में सरकार उसे लागू नहीं कर पाई और मद्रास हाईकोर्ट ने 30 अप्रैल 2021 को जब आदेश दिया तब जाकर उनका धर्मनिरपेक्ष संगीत रुका था।"

उन्होंने कहा, "सितंबर 2022 में तमिलनाडु वक्फ बोर्ड ने तिरुचिरापल्ली जिले (त्रिची) के तिरुचेंदुरई गांव को वक्फ बोर्ड में पूरे गांव को क्लेम कर दिया गया था। इस गांव में 1500 वर्ष पुराना मंदिर है, जो इस्लाम के शुरुआत से पहले से है।"

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "इससे ज्यादा हास्यास्पद क्या हो सकता है कि तमिलनाडु में जो हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड है, वह वकीलों को पेमेंट कर रहा है वे इस मंदिर के खिलाफ केस लड़ें। इससे ज्यादा संवैधानिक व्यवस्था का दुरुपयोग का कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिल सकता। अगर यह सत्य है तो तमिलनाडु सरकार द्वारा एक और संवैधानिक व्यवस्था को ध्वस्त करने का उदाहरण है।"

उन्होंने कहा, "31 अक्टूबर 2026 को तमिलनाडु सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ए. एम. शाहजहां ने घोषणा की है कि जितनी गैरकानूनी, अनाधिकृत दरगादें और मस्जिदें हैं, सबकी पहचान करके अधिकारिक तौर पर तमिलनाडु सरकार मान्यता दे देगी।"

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "6 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया। जून में रिव्यू पिटीशन फाइल नहीं की गई। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने 10 नवंबर को रिप्लाई दिया। 10 महीने इंतजार क्यों किया गया?" इस पवित्र पहाड़ी का उल्लेख संगम साहित्य में है। इसके बारे में जो भी संवैधानिक मामला था, उसको 1923 में मदुरै कोर्ट ने सेटल कर दिया था। हालांकि आज संपूर्ण पहाड़ी को दरगाह के साथ जोड़ना अपने आप में बहुत खतरनाक और दुखद घटना है।"

उन्होंने कहा, "तमिलनाडु सरकार ने दरगाह के दरवाजे पर सिर झुकाकर न्यायालय के निर्णय को दरकिनार करते हुए दीप बुझाने का काम किया है। यह हर भारतीय और तमिलनाडु के हर तमिल की संस्कृति का अपमान किया गया है। इस दीप के बदले में लाखों हृदयों में वह भावना पुर्नप्रदीप्त होगी। इंडी गठबंधन, कांग्रेस और तमिलनाडु सरकार को वक्त आने पर इसका उचित जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम