सुप्रीम कोर्ट ने थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर दीप जलाने की दी अनुमति, वीडियो में जाने 24 नवंबर को जलेगा कार्तिगई दीपम; आम लोगों की एंट्री पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर प्रशासन को थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर प्राचीन पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, अदालत ने यह इजाजत केवल इस साल के लिए एक बार दी है। मंदिर प्रशासन 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जला सकेगा। इसके लिए मंदिर प्रशासन की सीमित टीम और अधिकृत अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति होगी। आम लोगों की एंट्री पर रोक रहेगी।सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट के फैसले के कुछ हिस्सों पर भी रोक लगाई है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि दीप जलाने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरी की जाएगी। मामले से जुड़े अन्य पक्षों को भी नोटिस जारी किया गया है।
मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद
दरअसल, थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाने को लेकर सुब्रमण्य स्वामी मंदिर प्रशासन और पास में स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दीपथून दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है।मंदिर में कई दशकों से कार्तिगई दीपम का दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। वहीं, हिंदू संगठनों की मांग है कि धार्मिक परंपरा के तहत पहाड़ी की चोटी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ दीपथून पर दीप जलाया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, दरगाह प्रबंधन निचली ढलान पर दीप जलाने की पुरानी परंपरा का हवाला दे रहा है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ है। मामला पहले मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा था। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस विवाद में सीमित राहत देते हुए इस साल दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी है।
केवल अधिकृत लोगों को मिलेगी प्रवेश की अनुमति
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, 24 नवंबर को दीप जलाने के लिए मंदिर प्रशासन की एक सीमित टीम और अधिकृत अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने दिया जाएगा। आम श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को वहां प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।इस व्यवस्था का उद्देश्य दीप जलाने की प्रक्रिया को नियंत्रित तरीके से पूरा कराना है। अदालत ने इस साल के लिए दी गई अनुमति को एक बार की व्यवस्था बताया है। इसका मतलब है कि इस आदेश को भविष्य के वर्षों के लिए स्थायी अनुमति नहीं माना जाएगा।
जनवरी 2027 में होगी अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने अपील में शामिल अन्य सभी पक्षों को भी नोटिस जारी किया है। अदालत ने संबंधित पक्षों को छह सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके बाद जवाबों पर अपना पक्ष रखने के लिए तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया है।मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में होगी। उस दौन अदालत सभी पक्षों के जवाब और दलीलों पर विचार करेगी। फिलहाल 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलने के बाद मंदिर प्रशासन को इस धार्मिक आयोजन की तैयारी करने का रास्ता मिल गया है। हालांकि, विवाद के कानूनी पहलुओं पर अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।