चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मौका, वीडियो में जाने 2 करोड़ जमा करने के लिए मिले 2 हफ्ते
अभिनेता राजपाल यादव से जुड़े चेक बाउंस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए उन्हें 2 करोड़ रुपये जमा करने के लिए आखिरी बार दो हफ्ते का समय दिया है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि यह रकम सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करनी होगी। इसके साथ ही अभिनेता को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का भी आदेश दिया गया है।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के पिछले रवैये को लेकर सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने उनके अब तक के आचरण को देखते हुए भरोसा जताने को लेकर संदेह जाहिर किया। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि उनके पुराने रवैये को देखते हुए उन पर भरोसा करना मुश्किल है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि राजपाल यादव बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग करने में माहिर हैं और कोर्ट में भी ऐसा ही कर रहे हैं।हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी से मिली राहत जारी रखी है। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब अभिनेता को तय समयसीमा के भीतर 2 करोड़ रुपये की रकम सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करनी होगी।
पिछले कई वर्षों से चल रहा है मामला
राजपाल यादव से जुड़े इस चेक बाउंस मामले की कानूनी प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में दिल्ली हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस मामले में करीब 15 बार सुनवाई हो चुकी है। अलग-अलग सुनवाई के दौरान अदालत की ओर से भुगतान करने या पक्षों के बीच समझौते की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही गई थी।हालांकि, आरोप है कि तय शर्तों के मुताबिक भुगतान या समझौते की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते मामला लगातार अदालतों में चलता रहा। इससे पहले ट्रायल कोर्ट में भी यह मामला करीब छह साल तक चला था।
अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद मामले में अगली महत्वपूर्ण तारीख 5 अक्टूबर है। उससे पहले राजपाल यादव को अदालत के निर्देश के मुताबिक रकम जमा करनी होगी और अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा। अगली सुनवाई में यह देखा जाएगा कि कोर्ट के आदेश का पालन हुआ है या नहीं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है।