×

'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम अब एक मुहिम बन चुका है: डॉ मनसुख मांडविया

 

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को नई दिल्ली में कहा कि 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम अब पूरे देश में एक मुहिम बन चुका है।

डॉ. मनसुख मांडविया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देश के युवा फिटनेस के प्रति जागरुक हुए हैं। पीएम का फिट इंडिया का संदेश सिर्फ संदेश नहीं है, बल्कि विकसित भारत की जरूरत है। भारत को अगर विकसित बनना है तो युवाओं को स्वस्थ और फिट होना होगा। स्वस्थ नागरिक स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं, और स्वस्थ समाज से ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण होता है।"

उन्होंने कहा कि मैं सभी युवाओं से अपील करता हूं कि वे स्वस्थ रहें और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दें।

फिट इंडिया अभियान के तहत 'संडे ऑन साइकिल' पहल की शुरुआत दिसंबर 2024 में युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा शुरू की गई थी। इसका नेतृत्व डॉ. मनसुख मांडविया ने किया था। मांडविया लगातार इस कार्यक्रम का नेतृत्व न सिर्फ दिल्ली बल्कि देश के अलग-अलग शहरों में करते हैं। यह एक साप्ताहिक देशव्यापी फिटनेस अभियान है जिसे सेहत को बढ़ावा देने, मोटापा कम करने और साइकिलिंग को इको-फ्रेंडली अभ्यास के तौर पर बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है।

इस कार्यक्रम को युवा मामले और खेल मंत्रालय अलग-अलग संस्थानों के साथ मिलकर हर सप्ताह पूरे देश में आयोजित करती है जिसमें लाखों युवा हिस्सा लेते हैं। युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए खेल क्षेत्र के दिग्गजों को भी इसमें शामिल किया जाता है। खेल क्षेत्र के बड़े नाम जब इस मुहिम से जुड़ते हैं तो युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरुकता बढ़ती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मानना है कि स्वस्थ युवा ही देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। इसी लक्ष्य को लेकर प्रधानमंत्री ने फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा दिया जो अब पूरे देश सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीएके