यूपी : सुल्तानपुर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 2 गोकशों को किया गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
सुल्तानपुर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से .315 बोर के दो तमंचे, तीन कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद हुए हैं।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि को सुलतानपुर के थाना बंधुआंकला पुलिस को यह सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति गोकशी करने जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो व्यक्ति दिखाई दिए। दोनों पुलिस टीम को देखकर देख कर मौके से भागने लगे। पुलिस द्वारा उनका पीछा किया गया तो हसनगंज से बीबीपुर मार्ग किनारे उनके द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के दाहिने पैर में पुलिस की गोली लगी, जिसकी पहचान फिरोज पुत्र सागर के रूप में हुई है।
सीओ ने बताया कि फिरोज के विरुद्ध पहले से ही थाना कुड़वार में गोकशी का एक मुकदमा दर्ज है। घायल फिरोज को गिरफ्तार कर तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी हसनगंज ले जाया गया। वहीं, दूसरे आरोपी अमजद अली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के पास से मौके पर दो तमंचे, दो कारतूस, एक खोखा कारतूस एवं गोकशी में प्रयुक्त होने वाले हथियार चापड़ चाकू बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसकेअलावा, बुलंदशहर जिले के गुलावठी में पुलिस और स्वाट टीम की पशु तस्करों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंग सरगना शहजाद और शाहरुख घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन चाकू, कारतूस, एक वाहन, चोरी की दो भैंस और 95 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शहजाद उर्फ भूरा निवासी थाना मुंडाली, मेरठ; शाहरुख मेवाती निवासी नौरंगाबाद, मोहरू नगला, थाना पलवल, हरियाणा; फैसल निवासी चौधरीबाड़ा, सिकंदराबाद; शरीफ निवासी सिकंदराबाद और रिजवान निवासी जलीलपुर, थाना जहांगीराबाद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गैंग सरगना शहजाद उर्फ भूरा वर्ष 2012 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शाहरुख मेवाती पर आठ, फैसल पर सात, शरीफ पर 19 और रिजवान पर सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
--आईएएनएस
ओपी/एएस