☰
×

सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, नक्सली डंप से 13 हथियार और 208 डेटोनेटर बरामद

 

सुकमा, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दुर्गम जंगलों में छिपाए गए नक्सली डंप से भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर सोमवार को थाना किस्टाराम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पालाचलमा के पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान सुबह जंगल में सर्चिंग करते हुए नक्सलियों द्वारा पूर्व में बनाए गए डंप का पता चला।

संयुक्त टीम ने डंप की सघन तलाशी ली तो वहां से ऑटोमैटिक हथियारों सहित विभिन्न देशी हथियार, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामानों में .303 राइफल 2 नग, सिंगल शॉट 1 नग, बीजीएल लॉन्चर 4 नग, 12 बोर राइफल 3 नग, भरमार 2 नग, देशी कट्टा 1 नग, इंसास मैगजीन 3 नग के साथ 26 जिंदा राउंड, 12 बोर के 20 जिंदा राउंड, तीर बम 1 नग, बीजीएल सेल 2 नग, वायरलेस सेट 1 नग, वायरलेस सेट चार्जर 2 नग, नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 208 नग, मैगजीन पाउच 1 नग, .303 राइफल के 2 खाली खोखे, इंसास राइफल के 2 खाली खोखे, एके 47 के 3 खाली खोखे और 12 बोर के 2 खाली खोखे शामिल हैं।

कुल मिलाकर सर्चिंग के दौरान 13 हथियार बरामद किए गए हैं, जिसमें .303, बीजीएल लॉन्चर और 12 बोर राइफल शामिल हैं। इसके अलावा, इंसास और 12 बोर के कुल 46 जिंदा राउंड भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

सुकमा पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर जंगलों में छिपे हथियारों और विस्फोटकों के जखीरे को खत्म करने पर फोकस किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम