पाकिस्तान में पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती हमला, फुटेज में देंखे 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत; 22 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हमले में 22 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।पाकिस्तानी मीडिया डॉन के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पुलिस स्टेशन के पास स्थित काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ एक शांति रैली आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग और पुलिसकर्मी इलाके में मौजूद थे।
स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि एक युवक काबल पुलिस स्टेशन के मुख्य गेट तक पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया, लेकिन उसने रुकने से इनकार कर दिया। पुलिस कोई कार्रवाई कर पाती, उससे पहले ही उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और घटनास्थल पर मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस ने क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और आसपास की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।फिलहाल इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावर की पहचान और उसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हमलावर ने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल का हाथ है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों से प्रभावित रहा है। हाल के महीनों में इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों और पुलिस को निशाना बनाकर कई हमले किए गए हैं। ताजा आत्मघाती हमला एक बार फिर पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद की चुनौती को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।