सुदिव्य सोनू के निधन पर शोक की लहर, साथी मंत्रियों और पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने कहा-झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
रांची, 6 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड सरकार के मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे राज्य के राजनीतिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सुदिव्य सोनू के निधन को बेहद पीड़ादायक और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि सोनू उनके लिए भाई जैसे थे और दोनों को कैबिनेट मंत्री के रूप में साथ काम करने का अवसर मिला। अंसारी ने कहा कि इलाज के दौरान उन्होंने बहादुरी से संघर्ष किया, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि सोनू के साथ बिताए अनमोल पल और उनका स्नेहपूर्ण स्वभाव हमेशा यादों में जीवित रहेगा। उनका असामयिक निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने भी अपने साथी मंत्री के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
बिरुआ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए अंतिम जोहार कहा। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस असीम पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने भी सुदिव्य सोनू के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि उनका जाना झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस