×

सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर बनाया 25 फीट का सैंड स्कल्प्चर, तंबाकू-मुक्त समाज का आह्वान

 

पुरी, 30 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर विश्व तंबाकू निषेध दिवस से पहले शनिवार को मशहूर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने एक महत्वपूर्ण और जागरूकता फैलाने वाली सैंड आर्ट तैयार की। इस खास कलाकृति के जरिए लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक करने की कोशिश की गई।

सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर करीब 25 फीट लंबी सिगार के आकार की रेत की मूर्ति बनाई। इस सिगार के भीतर एक मानव कंकाल (स्केलेटन) को दर्शाया गया, जो यह संदेश देता है कि तंबाकू धीरे-धीरे इंसान के शरीर को किस तरह खोखला कर देता है। यह कलाकृति देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग समुद्र तट पर पहुंचे और कलाकार के संदेश की सराहना की।

सुदर्शन पटनायक ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि हर साल की तरह इस बार भी विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह सैंड आर्ट बनाई गई है। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है और यह कई गंभीर बीमारियों की वजह बनता है। इसी खतरे को लोगों तक पहुंचाने के लिए सिगार के अंदर कंकाल का चित्रण किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस सैंड आर्ट का मुख्य संदेश है, "तंबाकू ने मेरी जान ले ली। तंबाकू का इस्तेमाल न करें-अपनी जान बचाएं।" उनका कहना है कि लोग जितना अधिक तंबाकू से दूर रहेंगे, उतना ही स्वस्थ और बेहतर जीवन जी पाएंगे।

पुरी बीच पर बनाई गई यह सैंड आर्ट केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश देने का माध्यम है। सुदर्शन पटनायक ने अपनी कला के जरिए लोगों से अपील की कि वे तंबाकू को "ना" कहें, अपनी सेहत का ख्याल रखें और एक तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।

बता दें कि हर साल 31 मई को दुनिया भर में 'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' मानाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और उन्हें इस लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीएससी