सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर शेयर की संडे नाइट की झलक, शत्रुघ्न सिन्हा संग देखी 'खास' पंजाबी फिल्म
मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के सीनियर निर्देशक सुभाष घई सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर जिंदगी के कुछ यादगार पलों की खूबसूरत झलक फैंस के साथ साझा करते रहते हैं।
सोमवार को निर्देशक ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें उनके दोस्त और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी भी नजर आ रही हैं। घई ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि रविवार शाम उन सभी ने बेहतरीन पंजाबी फिल्म 'मां जाए' देखी। फिल्म देखने के बाद निर्देशक इसके कलाकारों और कहानी की तारीफ किए बिना खुद को रोक नहीं पाए।
उन्होंने लिखा, "इस तस्वीर के बीच में जो शख्स हैं, वह हमारे दोस्त डॉ. अमरजीत सिंह हैं, जो न्यूयॉर्क में रहते हैं। उन्होंने भारत में अपने दिव्यांग भाई के साथ अपने गहरे रिश्ते और सफर की कहानी फिल्म निर्देशक नवनीत सिंह को सुनाई। इसी सच्ची कहानी पर आधारित शानदार पंजाबी फिल्म 'मां जाए' बनी है। रविवार शाम हम दोस्तों ने यह फिल्म देखी और इसकी तारीफ किए बिना खुद को रोक नहीं पाए। डॉ. अमरजीत और उनकी पत्नी जस की सच्ची कहानी पर बनी यह फिल्म अपने भावुक अंदाज और बेहतरीन निर्देशन से दिल छू लेती है।"
निर्देशक ने अपनी इस पोस्ट के जरिए सभी से यह फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने लिखा, "पूरी टीम को मेरी तरफ से ढेर सारी बधाई और आशीर्वाद। भाइयों के प्यार और रिश्ते पर बनी यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।"
'मां जाए' साल 2025 की एक मार्मिक और सशक्त पंजाबी पारिवारिक ड्रामा फिल्म है, जो अटूट भाईचारे, त्याग और संघर्ष की सच्ची घटनाओं पर आधारित है।
यह फिल्म भारतीय-अमेरिकी अप्रवासी डॉ. अमरजीत सिंह के वास्तविक जीवन से प्रेरित है। यह दो भाइयों (डॉ. अमरजीत सिंह और बिल्ला) के गहरे भावनात्मक रिश्ते और एक-दूसरे के सपनों को पूरा करने के लिए किए गए त्याग की कहानी है।
नवनीत सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जिमी शेरगिल ने मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ मानव विज, योगराज सिंह और रहमत रतन भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए हैं।
--आईएएनएस
एनएस/एएस